Barabanki News: लोधेश्वर महादेवा सावनी मेले की तैयारियां तेज, DM-SP ने किया निरीक्षण; 20 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा सावनी मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार शाम जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं 20 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

महादेवा चौकी पर आयोजित बैठक में डीएम ने बोहनिया व अभरण सरोवरों पर मजबूत खम्भों के साथ लोहे की जाल वाली बैरिकेडिंग, बेहतर पार्किंग व्यवस्था और मेला अवधि में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मेला क्षेत्र से मलबा हटाने, कॉरिडोर निर्माण के दौरान खोदे गए गड्ढों को भरने और पूरे परिसर में सुरक्षित बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत पोलों को सुरक्षित ढकने, जलभराव रोकने और केबलों की जांच कराने के साथ मेला क्षेत्र में प्रत्येक सेक्टर के लिए जूनियर इंजीनियर तैनात करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम को दो अस्थायी मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, चिकित्सकों की उपलब्धता, पर्याप्त दवाएं और एंटी रेबीज इंजेक्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने पुलिस मोबाइल टीमों की संख्या बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, लाउडस्पीकर, सरोवरों पर पीएसी की मोटरबोट और निजी गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए। खोयापाया केंद्र भी मेले के दौरान स्थापित किया जाएगा। कॉरिडोर निर्माण की धीमी प्रगति पर डीएम ने तहसीलदार विपुल कुमार सिंह को प्रतिदिन निगरानी कर फोटो सहित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह को सफाई, जल निकासी, शौचालय और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। जिला पंचायत को अस्थायी शौचालय व वाटरप्रूफ टेंट तथा नगर पंचायत को पेयजल टैंकर, ऑडिटोरियम की सफाई और शौचालय व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई। 

निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद महादेवा में 24 घंटे बिजली आपूर्ति न मिलने का मुद्दा उठाकर सुधार की मांग की। इस दौरान सीएमओ डॉ. रंजन गौतम, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड शशिकांत सिंह, एसडीएम आकांक्षा गुप्ता, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रजनीश पांडेय, अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार दुबे, बीडीओ देवेंद्र प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान राजन तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

सावनी मेले के चार प्रमुख सोमवार
  1. प्रथम सोमवार: 3 अगस्त
  2. द्वितीय सोमवार: 10 अगस्त
  3. तृतीय सोमवार: 17 अगस्त
  4. चतुर्थ सोमवार: 24 अगस्त

इन चारों सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल एवं पार्किंग व्यवस्था विशेष रूप से सुदृढ़ रखने की तैयारी की जा रही है।

संबंधित समाचार