अगले 5 दिन सावधान! IMD ने उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने का जारी किया अलर्ट
Weather Alert: 4 अगस्त तक उत्तर भारत में बारिश का बड़ा अलर्ट, कई राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी
नई दिल्लीः अगर आप दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल या जम्मू-कश्मीर में हैं, तो अगले कुछ दिन मौसम को हल्के में न लें। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 30 जुलाई से 4 अगस्त तक उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में इस अवधि के दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है। इसके साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
इसी तरह हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद क्षेत्र में भी कई स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान है।
कहां होगी सबसे ज्यादा बारिश?
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार—
- 30 जुलाई से 4 अगस्त के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
- पंजाब और हिमाचल प्रदेश में 1 से 4 अगस्त तक कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
- 30 और 31 जुलाई को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
मध्य भारत में भी बारिश का असर
आईएमडी ने पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में अतिवृष्टि की संभावना जताई है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।
