Kanpur Traffic Diversion : जाजमऊ में मख्दूम शाह आला के उर्स को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन, 11 अगस्त से लागू होंगे ये रूट

Amrit Vichar Network
On

11 अगस्त मंगलवार दोपहर 3 बजे से 12 अगस्त को उर्स समाप्त होने तक लागू रहेगा डायवर्जन

कानपुर के जाजमऊ में हजरत मख्दूम शाह आला के उर्स को लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। 11 अगस्त दोपहर 3 बजे से 12 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। उर्स में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।

कानपुर। जाजमऊ स्थित हजरत मख्दूम शाह आला के उर्स में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कानपुर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन की व्यवस्था की है। यह डायवर्जन 11 अगस्त मंगलवार को दोपहर 3 बजे से 12 अगस्त बुधवार को उर्स कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा। इस दौरान जाजमऊ की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकाला जाएगा।

रामादेवी से लखनऊ जाने वाले वाहन फ्लाईओवर से निकलेंगे

यातायात पुलिस के अनुसार, रामादेवी की तरफ से लखनऊ जाने वाले वाहन रामादेवी रैंप से फ्लाईओवर पर चढ़कर लखनऊ की ओर जा सकेंगे। वहीं, रामादेवी से जाजमऊ की ओर आने वाले वाहन जेके चौराहे से आगे नहीं जा सकेंगे। इन्हें जेके चौराहे से बाएं मुड़कर केडीए चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।

सर्किट हाउस की ओर से आने वाले वाहनों का रूट बदला

सर्किट हाउस और पुरानी चुंगी की तरफ से आने वाले वाहन बीमा चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहनों को गल्ला गोदाम तिराहा (सुल्तान टेनरी) से दाहिने मुड़कर केडीए चौराहा और फिर जेके चौराहा होते हुए आगे जाना होगा।

उन्नाव से उर्स में आने वालों के लिए अलग व्यवस्था

उन्नाव की तरफ से उर्स में शामिल होने आने वाले वाहनों को विश्वकर्मा द्वार से सर्विस रोड के जरिए जाजमऊ थाने की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। दो पहिया वाहन विश्वकर्मा द्वार से बाएं मुड़कर वाजपेयी निवास के सामने खाली मैदान में पार्क किए जा सकेंगे। वहीं चार पहिया वाहन और बस विश्वकर्मा द्वार से फ्लाईओवर होते हुए रामादेवी रैंप से नीचे उतरकर यू-टर्न लेंगे। इसके बाद हरजेंद्र नगर, जेके चौराहा और केडीए चौराहा होते हुए अकील कंपाउंड में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।

इन रास्तों से मजार की ओर नहीं जा सकेंगे वाहन

नासिर हॉस्पिटल से दाहिनी ओर मस्जिद और मजार की तरफ किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह शेखपुर, मोतीनगर गांव और वाजिदपुर रोड से आने वाले वाहन जाजमऊ थाने की ओर नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को संजय नगर तिराहा से बाएं मुड़कर तिवारीपुर आसियाना रोड, जेके चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक जाना होगा। बीकेडी तिराहा से भी किसी प्रकार के वाहन को मजार की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी।

उर्स में आने वाले वाहन यहां करें पार्किंग

वाजपेयी निवास के सामने ग्राउंड: उन्नाव की ओर से आने वाले दोपहिया वाहन विश्वकर्मा गेट, जाजमऊ के पास वाजपेयी निवास के सामने ग्राउंड में पार्क किए जा सकेंगे।

अकील कंपाउंड पार्किंग: उन्नाव की तरफ से आने वाले चार पहिया वाहन और बस विश्वकर्मा द्वार से फ्लाईओवर, रामादेवी रैंप, यू-टर्न, हरजेंद्र नगर और जेके चौराहा होते हुए अकील कंपाउंड में पार्क किए जाएंगे।

सुल्तान टेनरी पार्किंग: फतेहपुर और रामादेवी की तरफ से आने वाले वाहन जेके चौराहा से बाएं मुड़कर केडीए चौराहा और वहां से दाहिने मुड़कर सुल्तान टेनरी पहुंचेंगे। यहां दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे, जबकि चार पहिया वाहन और बसों के लिए अकील कंपाउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

मार्डन टेनरी कंपाउंड: सर्किट हाउस की तरफ से आने वाले दो और चार पहिया वाहन मार्डन टेनरी कंपाउंड में पार्क किए जा सकेंगे।

यातायात पुलिस ने उर्स में आने वाले लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि भीड़ के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

संबंधित समाचार