Sitapur News : सुरक्षा में तैनात जवानों की लापरवाही का वीडियो वायरल, तहसीलदार बोले- कराई जाएगी मामले की जांच
चहलारी घाट पर बिना लाइफ जैकेट स्टीमर में सवार पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल
सीतापुर के चहलारी घाट पर पुलिसकर्मियों के बिना लाइफ जैकेट स्टीमर पर सवार होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। घाघरा नदी के बढ़े जलस्तर के बीच वीडियो सामने आने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। तहसीलदार ने मामले का संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण करने की बात कही है।
रेउसा/सीतापुर, अमृत विचार। चहलारी घाट पर तैनात पुलिसकर्मियों का बिना लाइफ जैकेट स्टीमर पर सवार होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। तहसीलदार ने मामले का संज्ञान लेने की बात कही है।
विकास खंड रेउसा में घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर और चहलारी घाट पर आने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा के बीच पुलिसकर्मियों की लापरवाही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हुआ। वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी बिना लाइफ जैकेट पहने स्टीमर पर सैर-सपाटा करते दिखाई दे रहे हैं। बताते हैं कि वीडियो थानगांव थाने में तैनात पुलिसकर्मियों का है।
वर्तमान में घाघरा नदी उफान पर है। इसको लेकर क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे में सुरक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों का बिना सुरक्षा उपकरणों के स्टीमर पर सवार होना चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि किसी तकनीकी खराबी या दुर्घटना की स्थिति बनती तो बड़ा हादसा हो सकता था। मामले पर तहसीलदार बिसवां अनिल कुमार राम ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। वह स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
