ED Director Rahul Navin : ईडी निदेशक राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल बढ़ा, अब अगस्त 2027 तक संभालेंगे पद
केंद्र सरकार ने नियुक्ति समिति की मंजूरी के बाद लिया फैसला, नवीन का कार्यकाल 13 अगस्त 2026 से बढ़कर 13 अगस्त 2027 तक हुआ
केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के निदेशक राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। नियुक्ति समिति ने उनके कार्यकाल को 13 अगस्त 2027 तक बढ़ाने की मंजूरी दी है। विस्तार में उनकी सेवानिवृत्ति के बाद की अवधि भी शामिल है।
नई दिल्ली, अमृत विचार। केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के निदेशक राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। यह विस्तार 13 अगस्त 2026 से प्रभावी होकर 13 अगस्त 2027 तक रहेगा। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने शनिवार को जारी आदेश में उनके कार्यकाल के विस्तार को मंजूरी दी।
सेवानिवृत्ति के बाद भी जारी रहेगा कार्यकाल
भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के आयकर कैडर के 1993 बैच के अधिकारी राहुल नवीन 14 अगस्त 2024 से ईडी के पूर्णकालिक निदेशक के तौर पर काम कर रहे हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल 13 अगस्त 2026 को समाप्त होना था।नए आदेश के मुताबिक उनका कार्यकाल एक साल बढ़ाकर 13 अगस्त 2027 तक कर दिया गया है। इस विस्तार में उनकी 31 जुलाई 2027 को निर्धारित सेवानिवृत्ति की तारीख के बाद की सेवा भी शामिल है। आदेश में यह भी कहा गया है कि कार्यकाल अगले आदेश तक या निर्धारित अवधि में जो पहले हो, उसके अनुसार रहेगा।
ईडी निदेशक को मिल सकता है तीन बार सेवा विस्तार
मौजूदा नियमों के अनुसार ईडी निदेशक की नियुक्ति दो साल के कार्यकाल के लिए की जा सकती है। इसके बाद निदेशक को एक-एक साल के लिए अधिकतम तीन बार सेवा विस्तार दिया जा सकता है। सितंबर 2023 में राहुल नवीन को ईडी का कार्यवाहक निदेशक बनाया गया था। इसके बाद अगस्त 2024 में उन्हें एजेंसी का पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया गया।
कई चर्चित मामलों की जांच हुई
राहुल नवीन के कार्यकाल में ईडी ने कई चर्चित मामलों में जांच शुरू की। इनमें राजनीतिक परामर्श कंपनी आई-पैक, रिलायंस अनिल अंबानी समूह और ऑनलाइन मनी गेमिंग कंपनियों से जुड़ी जांच शामिल हैं। ईडी ने रियल एस्टेट कंपनियों द्वारा घर खरीदारों के साथ कथित धोखाधड़ी के कई मामलों में भी कार्रवाई की। एजेंसी ने धनशोधन निवारण कानून (PMLA) के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए पीड़ितों को करोड़ों रुपये की संपत्ति वापस दिलाने की कार्रवाई की।
आईआईटी कानपुर से की है पढ़ाई
राहुल नवीन ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर से बीटेक और एमटेक की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने मेलबर्न स्थित स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से एमबीए किया है। उन्होंने प्रत्यक्ष कर, अंतरराष्ट्रीय कराधान और अंतरण प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर किताबों और पत्रिकाओं में लेख भी लिखे हैं।
