CWG 2026 : PM मोदी ने कॉमनवेल्थ विजेताओं से की मुलाकात, बोले- ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’, देखें VIDEO

Amrit Vichar Network
On

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के शानदार प्रदर्शन पर पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। पीएम ने खिलाड़ियों से बातचीत की और उनके प्रदर्शन की सराहना की। बाद में उन्होंने मुलाकात का वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा- ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा। Always Cheer4Bharat।’

नई दिल्ली, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 9 अगस्त को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर लौटे भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से लंबी बातचीत की और उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने मुलाकात का वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भी शेयर किया है। वीडियो में गोल्ड मेडल जीतने वाली मुक्केबाज साक्षी चौधरी समेत कई भारतीय खिलाड़ी प्रधानमंत्री के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा। Always Cheer4Bharat.’

साक्षी चौधरी ने पीएम मोदी की तारीफ की

वीडियो में कॉमनवेल्थ की गोल्ड मेडलिस्ट मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पीएम से मिलकर सभी खिलाड़ियों को बहुत अच्छा लगा और वह काफी सहज और विनम्र हैं। इसके बाद साक्षी चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी से कुछ कहने का आग्रह किया। पीएम मोदी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा।’ इसके बाद उन्होंने ‘Always Cheer4Bharat’ कहा और खिलाड़ियों के साथ भारत माता की जय के नारे भी लगाए।

https://www.instagram.com/reel/Db0hIieTgy8/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=NTc4MTIwNjQ2YQ==

भारत ने जीते 39 पदक

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने कुल 39 पदक अपने नाम किए। इनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर रहा।ऑस्ट्रेलिया 90 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने कई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया और देश को गौरवान्वित किया।

मुक्केबाजी में भारत का दमदार प्रदर्शन

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन विशेष रूप से शानदार रहा। भारत ने मुक्केबाजी में कुल 10 पदक जीते, जिनमें सात स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल रहे। भारतीय मुक्केबाजों के इस प्रदर्शन को ग्लासगो कॉमनवेल्थ में देश के सबसे सफल अभियानों में से एक माना जा रहा है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री की उनसे मुलाकात ने भी उनका उत्साह बढ़ाया।

संबंधित समाचार