लखनऊ : 4 लाख की सर्जरी FREE! जानिए कौन उठा सकता है इस सुविधा का लाभ?

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी लखनऊ में 4 लाख तक की सर्जरी मुफ्त हो सकती है, लेकिन इसके लिए पहले मरीज को पंजीकरण कराना होगा। डॉक्टर जांच करेंगे, बिना सर्जरी के ठीक होने वाले मरीजों को पहले दवा व एक्सरसाइज के जरिये ठीक किया जायेगा। जरूरत पड़ने पर ही उनकी सर्जरी की जायेगी। यह जानकारी डॉ. अचल गुप्ता ने रविवार को क्लार्क अवध में आयोजित एंडोस्पाइन-26 में दी है।

डॉ. अचल गुप्ता ने बताया कि हमारी तरफ से हर महीने दो दिन फ्री स्पाइन सर्जरी की जाती है, इसके लिए मरीज का पहले पंजीकरण होता है, जांच के बाद जिन मरीजों को सर्जरी की जरूरत होती है, उनकी मुफ्त में सर्जरी की जाती है। डॉ. अचल ने बताया कि जरूरतमंद मरीज मुझसे संपर्क कर सकते हैं।

दरअसल, राजधानी लखनऊ में शनिवार को एंडोस्कोपी में मानव कौशल के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) के समन्वय विषय पर दो दिवसीय एंडोस्पाइन-26 कार्यशाला का आयोजन किया गया था। पहले दिन डॉ. वरुण अग्रवाल समेत अन्य विशेषज्ञों ने कैडेवर पर एंडोस्कोपिक तकनीक के जरिए रीढ़ की हड्डी में दब रही नसों को सुरक्षित तरीके से मुक्त करने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया। दूसरे दिन यानी कि रविवार को एंडस्कोपी तकनीक से स्पाइन सर्जरी, एआई और एआर समेत तमाम विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी आदान प्रदान की। साथ ही दो लाइव सर्जरी भी हुईं।

लाइफ स्टाइल और डाइट से ठीक होगी सेहत

कॉन्फ्रेंस में डॉ. भूपेश पटेल ने बताया कि कमर दर्द, साइटिका समेत तमाम बीमारियों का एक कारण खराब लाइफ स्टाइल और हमारा भोजन है। यदि हम इसमें समय रहते सुधार कर लें तो हमें बीमारी अपनी चपेट में नहीं ले सकती है। ऐसे में स्वस्थ रहने के लिए इंडियन लोकल फूड, जिसमें दूध, चना, हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन रोजाना करना चाहिए। साथ ही दो किलोमीटर सुबह और एक किलोमीटर शाम को टहलने की आदत बनानी चाहिए। 

संबंधित समाचार