Kanpur Crime News : सेना-पुलिस भर्ती में असफल युवक ने दी जान, घरेलू कलह में युवक ने उठाया खौफनाक कदम; करंट से फैक्ट्रीकर्मी की मौत
पनकी में करंट से झुलसे फैक्ट्रीकर्मी की मौत पर परिजनों का हंगामा
कानपुर में रविवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। चकेरी में सेना और पुलिस भर्ती परीक्षा में असफल युवक ने आत्महत्या कर ली। जूही में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदा लगा लिया। वहीं पनकी की फैक्ट्री में करंट लगने से 21 वर्षीय कर्मचारी की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने हंगामा किया।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में रविवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। चकेरी में सेना और पुलिस भर्ती परीक्षा में सफलता नहीं मिलने से परेशान 23 वर्षीय युवक ने रेलवे लाइन किनारे पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं जूही में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगा ली। उधर, पनकी में फैक्ट्री में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आए 21 वर्षीय कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत हो गई। कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया।
सेना-पुलिस भर्ती में नहीं मिली सफलता, युवक ने दी जान
चकेरी के अहिरवां क्षेत्र में सेना और पुलिस भर्ती परीक्षा में असफल रहे युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मूलरूप से फतेहपुर के कल्याणपुर वाजिदपुर रेवाड़ी बुजुर्ग निवासी पप्पू यादव खेती-किसानी करते हैं। परिवार में पत्नी सरिता, बड़ा बेटा शुभम और 23 वर्षीय विकास कुमार था। परिजनों के अनुसार विकास ने डिफेंस, सेना और पुलिस भर्ती के लिए आवेदन किया था। परीक्षा देने के बाद वह रिजल्ट का इंतजार कर रहा था, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद से वह मायूस और तनाव में रहने लगा था।
बताया गया कि तनाव के चलते शुक्रवार को विकास अपनी मौसेरी बहन सोनू के घर अहिरवां पटेलनगर आया था। रविवार सुबह वह टहलने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। कई घंटे इंतजार के बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे। इसी बीच पुलिस ने सूचना दी कि अहिरवां में रेलवे लाइन किनारे एक पेड़ से युवक का शव लटका मिला है। तलाश में जुटे परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान विकास के रूप में की। सूचना मिलने पर फतेहपुर से भी परिजन कानपुर पहुंचे। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने उठाया आत्मघाती कदम
जूही क्षेत्र में घरेलू विवाद से परेशान 26 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। गोस्वामीनगर निवासी प्रेम कुमार किराए के मकान में पत्नी खुशबू के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार प्रेम शराब का आदी था और इसी वजह से आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। करीब 15 दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद खुशबू मायके चली गई और वापस नहीं लौटी। शनिवार देर रात प्रेम का पत्नी से फोन पर फिर विवाद हुआ। इसके बाद उसने पत्नी को कई बार कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
प्रेम ने इस संबंध में मकान मालिक को भी बताया था। कुछ देर बाद मकान मालिक उसके कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर उन्होंने अंदर देखा तो प्रेम का शव फंदे से लटका मिला। मकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जूही पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
फैक्ट्री में करंट लगने से कर्मचारी की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
पनकी के नौरैयाखेड़ा स्थित सोयाबड़ी फैक्ट्री में काम करने के दौरान करंट लगने से 21 वर्षीय कर्मचारी दीपक कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मूलरूप से बिहार के शिवहर के किशुनपुर किशनदेव निवासी बिनेश राऊत का बड़ा बेटा दीपक कुमार फैक्ट्री में काम करता था। उसका छोटा भाई सोना भी उसके साथ कानपुर में रहता था। परिवार में मां रागिनी देवी हैं। शनिवार दोपहर फैक्ट्री में काम करने के दौरान दीपक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। साथियों ने घटना की जानकारी फैक्ट्री मालिक को दी और उसे पनकी स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ठेकेदार ने परिजनों को फोन कर बताया कि उनका बेटा बेसुध हो गया है और उसे गांव लेकर आ रहे हैं। इस पर परिजनों ने कानपुर आने की बात कही। बाद में जब उन्होंने दीपक के भाई सोना से बातचीत की तो करंट लगने की जानकारी हुई। देर रात कानपुर पहुंचे परिजनों ने घटना को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंची और किसी तरह परिजनों को शांत कराया। रविवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
