Lakhimpur Kheri News : छठी कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
लखीमपुर खीरी में इंसानियत शर्मसार, भाई को बुलाने गई नाबालिग बच्ची से दरिंदगी
लखीमपुर खीरी में भाई को बुलाने खेत पर गई 11 साल की बच्ची से गन्ने के खेत में खींचकर दुष्कर्म किया गया। हालत बिगड़ने पर पीड़िता अस्पताल में भर्ती है, जबकि पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी में कक्षा छह की 11 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। छात्रा अपने भाई को बुलाने खेत पर गई थी। गांव के ही एक युवक ने उसे गन्ने में खींच लिया। दुष्कर्म के बाद धमकाया। छात्रा ने घर पहुंचकर पूरा घटनाक्रम बताया। हालत बिगड़ने पर घरवालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटनाक्रम खीरी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। कक्षा छह की छात्रा का चचेरा भाई खेत पर गया था। भाई के न लौटने पर छात्रा साईकिल लेकर खेत की तरफ गई। वह भाई को खोज रही थी। आरोप है कि इसी बीच गांव का दीपू मिल गया। आरोप है कि उसने छात्रा को रोका और गन्ने के खेत में खींच ले गया। छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और धमकी देकर उसे छोड़ दिया।
छात्रा ने घर पहुंचकर अपनी बहन को अपनी साथ हुई दरिंगदी के बारे में बताया। बहन ने मां को जानकारी दो वह सन्न रह गईं। पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना के वक्त उन्हें कुछ समझ नहीं आया कि क्या करें। मेहमान भी थे। शाम को घरवाले आरोपी युवक के घर शिकायत लेकर गए। लेकिन वहां विवाद की स्थिति बन आई। उधर, छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी। रात में ही घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
