Gonda News:जमीन विवाद में फायरिंग से दहला खरगूपुर, पांच घायल; दोनों पक्षों पर केस

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गोंडा के खरगूपुर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग

खरगूपुर में जमीन कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, फायरिंग और मारपीट में पांच लोग घायल; दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

गोंडा, अमृत विचार। खरगूपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हो गई। घटना में पांच लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। एक पक्ष की शिकायत पर बजरंग दल के अवध प्रांत के विभाग संयोजक शारदाकांत पांडेय समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। वहीं, दूसरे पक्ष की तहरीर पर चार नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जमीन पर कब्जे को लेकर शुरू हुआ विवाद

खरगूपुर गांव निवासी दिनेश कुमार पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही शारदाकांत पांडेय से उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवादित जमीन को लेकर एसडीएम तरबगंज न्यायालय में धारा 145 के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है। दिनेश का आरोप है कि रविवार रात करीब 10:30 बजे दूसरे पक्ष के लोग विवादित जमीन पर कब्जा कर निर्माण करा रहे थे। जानकारी मिलने पर उनका पुत्र जितेंद्र पांडेय, भांजा विकास पांडेय और अभय समेत परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने गाली-गलौज के बाद फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में जितेंद्र पांडेय, विकास पांडेय और अभय के घायल होने की बात कही गई है।

तीन घायलों को अस्पताल भेजा गया

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल अभय को जिला अस्पताल गोंडा भेजा गया, जबकि जितेंद्र और विकास को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दूसरे पक्ष ने भी लगाया हमला और फायरिंग का आरोप

दूसरे पक्ष के अमरकांत पांडेय ने भी पुलिस को तहरीर दी। उनका आरोप है कि रविवार रात वह अपने चचेरे भाई नीरजकांत पांडेय के साथ गौशाला में बैठे थे। इसी दौरान विनोद पांडेय, दिनेश पांडेय, गौरव और राजू समेत 15-20 लोग वहां पहुंचे। अमरकांत के मुताबिक, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दीवार गिराने की कोशिश की। विरोध करने पर फायरिंग और लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया गया है। इसमें अमरकांत के घायल होने की बात कही गई है।

दोनों पक्षों पर मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई है। दोनों पक्षों की तहरीर पर जानलेवा हमला समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़े : 
Har Ghar Tiranga: तिरंगे के साथ निकली भव्य पदयात्रा, ‘भारत माता की जय’ से गूंजा बभनजोत

संबंधित समाचार