Barabanki News: स्कूल जा रहे दो मासूमों पर गिरी जर्जर दीवार, दोनों की मौत; तीन बच्चे गंभीर
दरियाबाद के गुलचप्पा कलां गांव में हादसा, गली से गुजर रहे पांच बच्चे आए दीवार की चपेट में; ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बच्चों को निकाला, अस्पताल में तीन का इलाज जारी
बाराबंकी, अमृत विचार : दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में स्कूल जा रहे दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा गुलचप्पा कलां (अलियाबाद) गांव में उस समय हुआ, जब बच्चे रोज की तरह स्कूल के लिए निकले थे। बताया जा रहा कि गांव की गली में स्थित एक पुरानी और जर्जर ईंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में पांच बच्चे आ गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 7 वर्षीय हुजैफा और 14 वर्षीय हाजरा बानो की मौत हो गई। वहीं हस्सान (8 वर्ष), हानिया (4 वर्ष) और मोहम्मद अदनान (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दीवार काफी समय से जर्जर हालत में थी, लेकिन उसे हटाने या सुरक्षित कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
यह भी पढ़ेंः प्रतापगढ़ में बारिश का कहर: 100 साल पुराना मकान भरभराकर गिरा, दंपती और दो मासूम बच्चों समेत 6 की मौत
