Stock Market Today: कच्चे तेल में नरमी से सकारात्मक शुरुआत, हरे निशान पर खुले Sensex-Nifty, जानें शेयरों का हाल
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रिलायंस इंडस्ट्रीज में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ खुले। जानें बाजार की पूरी अपडेट।
मुंबई। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में खरीदारी के दम पर घरेलू शेयर बाजार ने गुरुवार को सकारात्मक शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 201.43 अंकों की बढ़त के साथ 78,782.43 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 16.35 अंक चढ़कर 24,641 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
सेंसेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इटरनल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारतीय स्टेट बैंक और एशियन पेंट्स के शेयरों में रही। वहीं, पावर ग्रिड, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एक्सिस बैंक के शेयर दबाव में रहे।
वैश्विक बाजारों की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड का भाव 0.13 फीसदी गिरकर 79.35 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्की-225 और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि चीन का एसएसई कंपोजिट हल्की बढ़त में रहा। अमेरिकी शेयर बाजार भी बुधवार को अधिकांशतः कमजोरी के साथ बंद हुए।
बाजार की चाल पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति का भी असर देखने को मिला। आरबीआई ने लगातार चौथी समीक्षा में रेपो दर 5.25 फीसदी पर यथावत रखी और नीतिगत रुख 'तटस्थ' बनाए रखा। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने संकेत दिया कि आगे ब्याज दरों को लेकर फैसला आर्थिक आंकड़ों के आधार पर लिया जाएगा।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 943.42 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। इससे पहले, बुधवार को सेंसेक्स 152.05 अंक की बढ़त के साथ 78,581 पर और निफ्टी 9.75 अंक चढ़कर 24,624.65 पर बंद हुआ था।
