हरदोई में 'बीसी' के नाम पर 20 लाख की ठगीः पाई-पाई जोड़कर जमा की रकम लेकर आरोपी फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

हरदोई, अमृत विचार: जिले में 'बीसी' के नाम पर लोगों से जमा कराए गए करीब 20 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि लोगों की मेहनत की कमाई लेकर आरोपी अपने परिवार के साथ घर छोड़कर फरार हो गया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली देहात क्षेत्र के नानक गंज झाला निवासी सुशील गुप्ता, पुत्र रामसेवक, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने और अन्य कई लोगों ने घरेलू खर्चों से बचाए गए पैसे गांव के ही लियाकत अली उर्फ सोनू, पुत्र हिदायत अली, के पास बीसी के नाम पर जमा किए थे।

शिकायत के अनुसार, कुल मिलाकर करीब 20 लाख रुपये आरोपी के पास जमा थे। आरोप है कि 16 अप्रैल को लियाकत अली उर्फ सोनू अपने बच्चों के साथ घर छोड़कर चला गया और तब से उसका कोई पता नहीं है।

पीड़ितों का कहना है कि रकम वापस मांगने पर आरोपी पहले पैसे लौटाने का भरोसा देता रहा, लेकिन बाद में बिना किसी सूचना के घर छोड़कर फरार हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।

पुलिस ने गुरुवार रात पीड़ित की तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

इनपुट- वीरेश शुक्ला, हरदोई ब्यूरो चीफ

यह भी पढ़ेंः राम मंदिर चढ़ावा विवाद: 23 कर्मचारियों का सामूहिक इस्तीफा, चढ़ावे की गिनती के लिए रखे जाएंगे नए कर्मचारी

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज