Bareilly News : राशन कार्डधारी महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

लखपति दीदी योजना पर जोर, बहेड़ी में धीमी प्रगति पर बीएमएम हटाने के आदेश, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक

बरेली, अमृत विचार। डीएम अविनाश सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में जिन महिलाओं के राशन कार्ड बने हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए, ताकि वे स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

बैठक में बताया गया कि जनपद में पांच लाख 66 हजार परिवारों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष अप्रैल 2026 से अब तक 27,028 परिवारों का संतृप्तिकरण किया जा चुका है। वहीं वर्ष 2026-27 में 26,883 नए स्वयं सहायता समूह बनाने का लक्ष्य रखा गया है। समीक्षा के दौरान बहेड़ी ब्लॉक में कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीएमएम को तत्काल हटाने और डीएमएम से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लक्ष्य तय कर काम में तेजी लाई जाए। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में हर महीने कम से कम पांच स्वयं सहायता समूह बनाने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि डे-एनआरएलएम कार्यक्रम के तहत अगले तीन वर्षों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है। बरेली में 58,056 महिला सदस्यों की आय बढ़ाने का लक्ष्य मिला है। इसके लिए महिलाओं को कृषि और गैर कृषि आधारित रोजगार से जोड़ने के साथ तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीडीओ देवयानी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी एनआरएलएम व खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार