CM Yogi Ayodhya Visit : हनुमानगढ़ी में नमाज वाले बयान पर सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- 'यह पाप किसने कराया?'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में विपक्ष पर हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का आरोप लगाया। राम मंदिर चढ़ावा मामले की एसआईटी जांच और विकास परियोजनाओं पर भी बोले।
अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या दौरे के दौरान विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, उन्होंने कभी हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का काम किया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "आज अयोध्या में जो लोग आस्था की बात कर रहे हैं, उन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया था। क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकता है? अगर नहीं, तो फिर अयोध्या में ऐसा क्यों कराया गया?"
मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये की 217 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास और पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित जनसभा में की।उन्होंने बिना किसी व्यक्ति का नाम लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं।
'डबल इंजन सरकार में बदली अयोध्या की तस्वीर'
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अयोध्या आज देश की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या अब सौर ऊर्जा आधारित आधुनिक शहर बन चुकी है और विकास के नए मानक स्थापित कर रही है। योगी ने कहा कि सरकार ने अयोध्या को स्वच्छ, सुंदर और सनातन संस्कृति की वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में लगातार काम किया है।
खिरौनी-सोहावल और भरत कुंड-भदरसा नगर पंचायत का बदला नाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान दो बड़ी घोषणाएं करते हुए खिरौनी-सोहावल नगर पंचायत का नाम 'मां ज्वाला देवी नगर पंचायत' और भरत कुंड-भदरसा नगर पंचायत का नाम 'भरत नगर-भरत कुंड' करने की घोषणा की। उन्होंने बीकापुर विधानसभा को 432 करोड़ रुपये की 217 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इस दौरान सोहावल विकासखंड परिसर में स्वर्गीय मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और आवास की चाभियां वितरित कीं।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भी जारी है जांच
राम मंदिर में दान और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर पिछले कुछ समय से राजनीतिक बयानबाजी तेज है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सबसे पहले इस मुद्दे को सार्वजनिक रूप से उठाया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले 19 जून को अयोध्या दौरे के दौरान कह चुके हैं कि विशेष जांच दल (एसआईटी) पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर रहा है और "दूध का दूध, पानी का पानी" हो जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने की अपील भी की थी।
इस बीच, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे एसआईटी को जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्र के इस्तीफे स्वीकार किए जा चुके हैं। जांच अभी जारी है।
