बारिश बनी काल! बाराबंकी में करंट की चपेट में आने से 14 साल के किशोर की मौत, गांव में पसरा मातम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रामसनेहीघाट क्षेत्र के पूरे अहिरन मजरे सकौली गांव में बारिश के दौरान विद्युत केबल में करंट उतरने से 14 वर्षीय शिवांश यादव की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी: जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर शिवांश यादव की करंट लगने से मौत हो गई। घटना पूरे अहिरन मजरे सकौली गांव की है, जहां बारिश के दौरान विद्युत केबल में करंट उतरने से किशोर इसकी चपेट में आ गया।

घर के बाहर काम करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शिवांश यादव (14) पुत्र धारानाथ यादव शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने घर के बाहर कुछ काम कर रहा था। इसी दौरान विद्युत केबल में करंट आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के समय इलाके में बारिश हो रही थी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत

हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत उसे बचाने के लिए पहुंचे और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट ले गए। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कैसे हुआ हादसा

मृतक के पिता धारानाथ यादव ने बताया कि उनका बेटा घर के बाहर काम कर रहा था, तभी अचानक विद्युत केबल में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गया।

वहीं, मृतक के चचेरे भाई चंद्रशेखर यादव के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण केबल में करंट उतर आया था। जब तक लोग स्थिति समझ पाते और उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

गांव में शोक, पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट के अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र ने पुष्टि की कि किशोर को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था।

वहीं, कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ेंः Azamgarh Double Murder: ट्यूबवेल पर दादा और घर में सो रहे पोते की कुल्हाड़ी से हत्या, जमीन विवाद की आशंका

संबंधित समाचार