Azamgarh Double Murder: ट्यूबवेल पर दादा और घर में सो रहे पोते की कुल्हाड़ी से हत्या, जमीन विवाद की आशंका
पवई थाना क्षेत्र के हेवती डिहवा गांव में देर रात अज्ञात हमलावरों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग और उनके 25 वर्षीय पोते की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर कई टीमों को जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में लगाया है।
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पवई थाना क्षेत्र के हेवती डिहवा गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग और उनके पोते की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे बदमाशों ने ट्यूबवेल पर सो रहे जगदम्बा प्रसाद यादव (70) पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद हमलावर करीब 400 मीटर दूर स्थित उनके घर पहुंचे, जहां बरामदे में सो रहे उनके 25 वर्षीय पोते श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया।
परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन नहीं बच सकी जान
पुलिस के मुताबिक, अंकित की दादी फूलकुमारी ने रात में आहट सुनने पर आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने घर के अन्य सदस्यों को जगाया। बाहर निकलने पर अंकित गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जब परिवार के लोग जगदम्बा प्रसाद को बुलाने ट्यूबवेल पहुंचे तो वहां उनका शव पड़ा मिला।
गन्ने के खेत से मिली हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत से बरामद की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जमीन विवाद और पुरानी रंजिश का आरोप
मृतक अंकित के भाई शिव कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों के साथ चल रहे भूमि विवाद और पुरानी रंजिश के कारण इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
परिजनों के अनुसार, अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और करीब तीन महीने पहले ही अपने गांव लौटा था।
आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह भी पढ़ेंः मेरठ बॉर्डर पर भारी बवाल! सिवाया टोल प्लाजा पर रोके गए सांसद चंद्रशेखर आजाद, छावनी में बदला इलाका
