LIVEसीएम योगी ने अयोध्या-बस्ती को दी करोड़ों की सौगात, भगवान राम के भाई 'भरत' और 'मां ज्वाला देवी' के नाम पर बदली दो नगर पंचायतों की पहचान
अयोध्या/बस्ती, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या और बस्ती के दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान वह करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। जनसभाओं को संबोधित करने के बाद विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।अयोध्या और बस्ती से मुख्यमंत्री के दौरे से जुड़ी हर बड़ी अपडेट के लिए जुड़े रहिए अमृत विचार के साथ।
अयोध्या को सीएम योगी ने दी 432 करोड़ की सौगात, दो नगर पंचायतों के बदले नाम
दौरे के दौरान बीकापुर विधानसभा क्षेत्र को 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की भी घोषणा की और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खिरौनी-सोहावल नगर पंचायत का नाम अब 'मां ज्वाला देवी नगर पंचायत' होगा, जबकि भरत कुंड-भदरसा नगर पंचायत को अब 'भरत नगर-भरत कुंड' के नाम से जाना जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सोहावल विकासखंड परिसर में स्थापित स्वर्गीय मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाभियां भी वितरित कीं।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लंबे समय तक अयोध्या की उपेक्षा की गई। उन्होंने कहा, "एक लंबे समय तक अयोध्या को नज़रअंदाज़ किया गया। न सड़क थी, न बिजली, न पानी और न ही बुनियादी सुविधाएं थीं।"मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा, "जो लोग आस्था की बात करते हैं, उन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज़ का आयोजन किया था। क्या कांग्रेस या समाजवादी पार्टी कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित कर पाएगी? फिर उन्होंने ऐसा पाप क्यों किया?" मुख्यमंत्री के इस बयान को लेकर प्रदेश की सियासत में नई बहस छिड़ने की संभावना है, जबकि उनके दौरे में विकास परियोजनाओं और नाम परिवर्तन की घोषणाएं भी प्रमुख आकर्षण रहीं।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2075459615832043612?s=20
बस्ती में बोले सीएम योगी: पहले वक्फ के नाम पर कब्जे होते थे, विकास के नाम पर पड़ती थी डकैती
बस्ती : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बस्ती में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, बल्कि उन्हें परेशान किया जाता था, जबकि आज बिना भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "पहले गरीब को कुछ नहीं मिलता था, गरीब को सताया जाता था। आज हर पात्र व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पहले वक्फ के नाम पर कब्जा होता था और विकास के नाम पर डकैती पड़ती थी।" उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास की दिशा में व्यापक बदलाव हुए हैं तथा सरकार पारदर्शिता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
सीएम योगी ने बस्ती को दी 504 करोड़ की 77 विकास परियोजनाओं की सौगात
बस्ती : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बस्ती जिले के हर्रैया पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री योगी ने बस्तीवासियों को 504.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास शामिल है। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
https://twitter.com/i/broadcasts/1DGleeQMWVMJL?s=20
खिरौनी-सोहावल और भरत कुंड-भदरसा नगर पंचायत का सीएम ने बदला नाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान दो बड़ी घोषणाएं करते हुए खिरौनी-सोहावल नगर पंचायत का नाम 'मां ज्वाला देवी नगर पंचायत' और भरत कुंड-भदरसा नगर पंचायत का नाम 'भरत नगर-भरत कुंड' करने की घोषणा की। उन्होंने बीकापुर विधानसभा को 432 करोड़ रुपये की 217 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इस दौरान सोहावल विकासखंड परिसर में स्वर्गीय मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और आवास की चाभियां वितरित कीं।
