राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर लखनऊ में मेगा स्वच्छता अभियान, 110 वार्डों में एक साथ चली सफाई मुहिम, महापौर ने किया शुभारंभ
रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर नगर निगम ने पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने हजरतगंज में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अभियान की शुरुआत की और स्वयं भी सफाई अभियान में शामिल हुईं।
लखनऊ, अमृत विचार: रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को लखनऊ नगर निगम ने शहरभर में वृहद मेगा स्वच्छता अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के तहत नगर निगम के सभी 110 वार्डों में एक साथ व्यापक सफाई कार्य कर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ लखनऊ का संदेश दिया गया।
अभियान का शुभारंभ महापौर सुषमा खर्कवाल ने हजरतगंज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पार्षदों और नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेते हुए नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और शहर को साफ-सुथरा बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
महापौर ने दिया स्वच्छता का संदेश
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का लखनऊ के विकास और जनसेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनके जन्मदिन पर आयोजित यह विशेष अभियान सेवा, सम्मान और स्वच्छता के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही लखनऊ को देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों में शामिल किया जा सकता है।
4.png)
110 वार्डों में नोडल अधिकारियों की तैनाती
अभियान को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए नगर निगम ने सभी 110 वार्डों में नोडल अधिकारियों की तैनाती की। इन अधिकारियों को अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था की निगरानी, अभियान के संचालन और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी अभियान में शामिल हुए तथा शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
यह भी पढ़ेंः रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर शुभकामनाओं की बौछार, PM मोदी, CM योगी समेत भाजपा के दिग्गज नेताओं ने दी बधाई
