एम्स रायबरेली में शुरू हुई गैस्ट्रोएंटरोलॉजी ओपीडी, हफ्ते में दो दिन लें विशेषज्ञों से सलाह
एम्स रायबरेली में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की ओपीडी और आईपीडी सेवाएं शुरू हो गई हैं। मरीजों को पेट, आंत, लिवर और पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों के लिए विशेषज्ञ परामर्श मिलेगा।
रायबरेली: क्षेत्र के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी अच्छी खबर है। एम्स रायबरेली में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई है। सोमवार को संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने विभाग की ओपीडी का शुभारंभ किया।
इस दौरान अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव, वित्तीय सलाहकार कर्नल उपेंद्र नाथ राय, डॉ. मधुकर मित्तल, डॉ. अर्चना वर्मा, डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. कुमार धर्मेंद्र सिंह, डॉ. गौरव त्रिवेदी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अरविंद शुक्ला और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. साई प्रताप रेड्डी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सप्ताह में दो दिन चलेगी गैस्ट्रो ओपीडी
एम्स रायबरेली के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की ओपीडी हर सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी। मरीजों के लिए ओपीडी हॉस्पिटल बिल्डिंग के प्रथम तल पर कमरा नंबर 184 में चलेगी।
यहां पेट, आंत, लिवर और पाचन तंत्र से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श और उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
आईपीडी सेवाएं भी होंगी उपलब्ध
एम्स रायबरेली में नए संकाय सदस्य के जुड़ने के साथ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की ओपीडी के साथ आईपीडी सेवाएं भी शुरू की जा रही हैं। इससे गंभीर और भर्ती की आवश्यकता वाले मरीजों को संस्थान में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नई सेवा शुरू होने से रायबरेली और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को पेट, लिवर और पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करने की जरूरत कम होगी।
आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर जोर
कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने कहा कि गैस्ट्रोएंटरोलॉजी सेवाओं का विस्तार क्षेत्र के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार करता रहेगा।
यह भी पढ़ेंः एक्स्ट्रा फैट घटाना है तो सिर्फ स्क्वाट्स काफी नहीं! डाइट में शामिल करें ये चीजें और करें ये 4 एक्सरसाइज
