UP T20 League : नमन तिवारी की गेंदबाजी ने दिलाई नोएडा किंग्स को जीत, गोरखपुर लायंस को 4 विकेट से हराया

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

लखनऊ। यूपी टी20 का आयोजन लखनऊ के इकाना में किया जा रहा है वही तेज गेंदबाज नमन तिवारी की धारदार गेंदबाजी ( 13 रन पर छह विकेट) और बाद में बल्लेबाजों के संयमित प्रदर्शन की बदौलत नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के सोमवार को खेले गए दूसरे वर्षा बाधित मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस को चार विकेट से हरा दिया। 

इकाना स्टेडियम में बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मुकाबले को 18-18 ओवर का कर दिया गया था। गौर गोरखपुर लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में 112 रन पर पूरी टीम गंवा दी। जवाब में नोएडा किंग्स ने 16.1 ओवर में छह विकेट पर 113 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। 

मैच के हीरो नमन तिवारी रहे, जिन्होंने 3.5 ओवर में मात्र 13 रन देकर छह विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ वह यूपी टी-20 लीग में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए। गोरखपुर लायंस की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर में नमन तिवारी ने सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह (10) को बोल्ड कर पहला झटका दिया। इसके बाद चौथे ओवर में उन्होंने कप्तान आर्यन जुयाल (2) को आउट कर गोरखपुर की मुश्किलें बढ़ा दीं। टीम शुरुआती झटकों से उबर भी नहीं पाई थी कि वंश ने सातवें ओवर में आर्यन चौधरी (15) और प्रिंस यादव (10) को आउट कर दिया।

इसके बाद 13वें ओवर में नमन ने शिवम शर्मा (3) को विकेटकीपर आदित्य शर्मा के हाथों कैच कराया और इसी ओवर में सिद्धार्थ यादव (18) को कप्तान प्रशांत वीर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। निचले क्रम में पार्थ पहलावत (14) और अंकित चौधरी (14) ने कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। 113 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। 

दूसरे ओवर में माधव कौशिक (8) विशाल कुमार की गेंद पर वासु वत्स को कैच दे बैठे। पांचवें ओवर में शोएब सिद्दीकी (13) भी वासु वत्स का शिकार बने। टीम ने 35 रन के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद रवि सिंह (19) को विशाल निषाद ने आउट किया, जबकि अनिवेश चौधरी (13) शिवम शर्मा की गेंद पर सिद्धार्थ यादव को कैच दे बैठे। 

आदित्य शर्मा ने 35 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन वह भी शिवम शर्मा का शिकार बने। पारी के 16वें ओवर में कार्तिक सिद्धू (2) को वासु वत्स ने आउट किया। नोएडा किंग्स को एक समय जीत के लिए 13 गेंदों पर सिर्फ छह रन की जरूरत थी। इसके बाद कप्तान प्रशांत वीर ने 17वें ओवर की पहली ही गेंद पर जोरदार छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी। प्रशांत ने 10 गेंदों में दो छक्कों की मदद से नाबाद 20 रन बनाए। 
 

ये भी पढ़ें : 
UP T20 League: अजीत वर्मा और अभिनंदन सिंह चमके, लखनऊ फाल्कन्स ने डीएलएस से नोएडा किंग्स को 12 रन से हराया


संबंधित समाचार