Bareilly News : कलेक्ट्रेट गेट के बाहर फिर एक दंपती ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस ने बचाया
जमीन विवाद से परेशान होने का दावा, पुलिसकर्मियों ने ज्वलनशील पदार्थ की बोतल छीनी
नरेश पाल ने बताया कि वह जमीन विवाद को लेकर कई दिनों से परेशान है। उसका दावा है कि समस्या के समाधान के लिए वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहा था, लेकिन सुनवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी वजह से उसने पत्नी के साथ आत्मदाह का प्रयास किया।
अमृत विचार : बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बिचपुरी गांव निवासी नरेश पाल सिंह मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ कलेक्ट्रेट गेट के बाहर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोस्टर के नीचे अपनी समस्या बताने के बाद दंपती ने कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना से कलेक्ट्रेट गेट के बाहर अफरा-तफरी मच गई।
कलेक्ट्रेट की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दंपती को पकड़ लिया और उनके हाथ से ज्वलनशील पदार्थ की बोतल छीन ली। पुलिसकर्मी ओमपाल सिंह और अमित ने दंपती को काबू में करने के बाद दोनों को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कई दिन से लगा रहे थे चक्कर
पूछताछ में नरेश पाल ने बताया कि वह जमीन विवाद को लेकर कई दिनों से परेशान है। उसका दावा है कि समस्या के समाधान के लिए वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहा था, लेकिन सुनवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी वजह से उसने पत्नी के साथ आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना के बाद पुलिस दंपती से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं किसी व्यक्ति ने दंपती को आत्मदाह के लिए उकसाया तो नहीं। यदि जांच में किसी के उकसाने या ऐसा कदम उठाने की सलाह देने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- नो टेंशन... बरेली मंडल में मिलों के पास मौजूद 23 लाख क्विंटल चीनी स्टॉक
