Sultanpur Road Accident: मरीज का ऑपरेशन करने जा रहे थे तीन डॉक्टर, रास्ते में हुआ भीषण हादसा; एक की मौत, दो गंभीर
सुलतानपुर में अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर दरियापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग से टकराई। हादसे में कार चला रहे डॉक्टर अख्तर की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हैं।
सुलतानपुर, अमृत विचारः अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार देर रात दरियापुर रेलवे ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे डॉक्टर अख्तर (34) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गभड़िया निवासी डॉ. अख्तर, दरियापुर निवासी सर्जन डॉ. शैलेंद्र जायसवाल और कुड़वार थाना क्षेत्र के हरखपुर निवासी डॉ. राशिद एक मरीज का ऑपरेशन करने के बाद अमहट स्थित निजी नर्सिंग होम से दरियापुर स्थित ममता हॉस्पिटल जा रहे थे। वहां उन्हें दूसरे गंभीर मरीज का ऑपरेशन करना था। बताया गया कि ओवरब्रिज के पास कार ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई और रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डॉ. अख्तर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉ. राशिद को ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।डॉ. अख्तर कोतवाली देहात क्षेत्र के लोहरमऊ निवासी बताए गए हैं। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ेंः श्रावस्ती में 17 साल की किशोरी संदिग्ध हालात में लापता, राप्ती नदी में तलाश जारी
