इंग्लैंड दौरे के बीच अभिषेक शर्मा पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट! आपत्तिजनक पोस्ट और फोटो इस्तेमाल पर उठाया बड़ा कदम

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

सोशल मीडिया से आपत्तिजनक पोस्ट हटाने और बिना अनुमति तस्वीरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर कोर्ट में याचिका, चौथे टी20 से पहले मामला सुर्खियों में

डिजिटल डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, जो इस समय इंग्लैंड में खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का हिस्सा हैं, ने अपने बारे में सोशल मीडिया पर साझा किए गए कथित आपत्तिजनक पोस्ट और बिना अनुमति तस्वीरों के इस्तेमाल के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है।

मामले की सुनवाई के दौरान अभिषेक शर्मा की ओर से पेश वकील ने अदालत में एक अतिरिक्त हलफनामा दाखिल किया, जिसमें उन URL की जानकारी दी गई है जिन्हें अभी तक हटाया जाना बाकी है। इस पर सुनवाई करते हुए जस्टिस ज्योति सिंह ने कहा कि वह अभिषेक शर्मा के व्यक्तित्व अधिकारों (Personality Rights) की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में अंतरिम आदेश जारी करेंगी।

कोर्ट ने जारी किए समन

अभिषेक शर्मा की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि कुछ आपत्तिजनक पोस्ट पहले ही हटाए जा चुके हैं, लेकिन फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मौजूद दो पोस्ट तथा एक अन्य पोस्ट, जिसमें कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है, अब भी हटाई नहीं गई हैं।

याचिका में यह भी कहा गया कि अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर अभिषेक शर्मा की अनुमति के बिना उनकी तस्वीरों का व्यावसायिक उद्देश्य से उपयोग किया गया है। इन लिंक को भी हटाने की मांग की गई है।

सुनवाई के दौरान मेटा की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि संबंधित दोनों सोशल मीडिया पोस्ट हटाए जाएंगे। वहीं अमेजन की ओर से पेश वकील ने कहा कि अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए उन URL को हटाया जाएगा, जिनमें बिना अनुमति अभिषेक शर्मा की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया है।

चौथे टी20 मुकाबले पर भी रहेंगी निगाहें

इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज में अभिषेक शर्मा ने अच्छी शुरुआत तो की है, लेकिन अब तक किसी पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके हैं। ऐसे में चौथे टी20 मुकाबले में उनकी बल्लेबाजी पर सभी की नजरें रहेंगी।

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में भारतीय समयानुसार रात 10 बजे खेला जाएगा। टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला सीरीज में बराबरी करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः 27 साल से अजेय है टीम इंडिया! आज ब्रिस्टल में टूटेगा रिकॉर्ड या बनेगा नया इतिहास?

संबंधित समाचार