Bareilly News : उर्स-ए-रजवी के लिए रेलवे बोर्ड से विशेष इंतजाम की मांग
दरगाह प्रमुख ने डीआरएम को भेजा पत्र, स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
आला हजरत के 108वें उर्स-ए-रजवी में देश-विदेश से लाखों जायरीनों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां ने रेलवे बोर्ड से उर्स स्पेशल ट्रेन चलाने और बरेली जंक्शन पर विशेष इंतजाम की मांग की है। ताज़ा न्यूज़ के लिए पढ़ें अमृत विचार।
बरेली, अमृत विचार। आला हजरत के 108वें उर्स-ए-रजवी के मद्देनजर दरगाह आला हजरत के प्रमुख मौलाना मोहम्मद सुब्हान रजा खां (सुब्हानी मियां) ने मुरादाबाद मंडल के डीआरएम और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक को पत्र भेजकर रेलवे व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि उर्स में देश-विदेश से लाखों जायरीन बरेली पहुंचते हैं। अधिकांश रेल मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे बरेली जंक्शन पर टिकट काउंटरों पर भारी भीड़ उमड़ती है। एक समय में हजारों लोगों की कतार लगने के कारण बड़ी संख्या में यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाती और उनकी ट्रेनें छूट जाती हैं। इस वर्ष भी उर्स स्थल पर अस्थायी टिकट विंडो खोली जाए। साथ ही बरेली जंक्शन पर अतिरिक्त टिकट और आरक्षण विंडो भी शुरू की जाएं। बरेली होकर गुजरने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने, उर्स स्पेशल ट्रेनें संचालित करने, उर्स स्थल पर ट्रेन समय-सारिणी बोर्ड और पूछताछ केंद्र की व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया है।अजमल नूरी, परवेज नूरी समेत एक प्रतिनिधि मंडल सीनियर डीसीएम मुरादाबाद मंडल महेश यादव को दरगाह प्रमुख का पत्र सौंपा।
