Raebareli News : शिवगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, छत से गिरने से गई जान; दो माह पहले हुई थी शादी
बुधवार देर रात हुई घटना, गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाते समय गई जान; मई 2026 में हुई थी शादी, पुलिस ने शुरू की जांच
रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता की छत से गिरकर मौत हो गई। महिला की दो माह पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिवगढ़ (रायबरेली), अमृत विचार। यूपी में रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में खेड़ा मजरे गूढ़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात में हुआ हादसा, अस्पताल में तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बारी खेड़ा मजरे गूढ़ा निवासी अतुल कुमार वर्मा उर्फ राजू वर्मा की 22 वर्षीय पत्नी राखी बुधवार देर रात करीब दो बजे अज्ञात कारणों से मकान की छत से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल राखी को परिजन और ग्रामीण तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ लेकर पहुंचे। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
डॉक्टर ने बताई यह बात
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि रात में बारी खेड़ा से एक घायल महिला को इलाज के लिए लाया गया था। साथ आए लोगों ने बताया कि वह छत से गिरकर घायल हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
पुलिस कर रही जांच
शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि छत से गिरने के कारण महिला की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो माह पहले हुई थी शादी
मृतका राखी की शादी मई 2026 में बारी खेड़ा मजरे गूढ़ा निवासी अतुल कुमार वर्मा उर्फ राजू वर्मा से हुई थी। उसका मायका लखनऊ जिले के नगराम थाना क्षेत्र के इसरीखेड़ा मजरे अचली खेड़ा में बताया गया है। शादी के महज दो माह बाद हुई इस घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
