Rampur News : दहेजलोभियों की पिटाई से महिला की मौत, पति सहित तीन पर आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल किया रेफर, रास्ते में हो गई मौत

रामपुर, अमृत विचार। केमरी थाना क्षेत्र में दहेज लोभियों ने महिला की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। महिला की मौत के बाद उसके परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के बाद  परिजनों के हवाले कर दिया। महिला के मायके वालों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया है। मृतका के कोई बच्चा नहीं है।

तहसील मिलक के ग्राम जगन्नाथपुर निवासी मृतका के भाई मोहम्मद यासीन ने थाना केमरी में तहरीर दीञ इसमें कहा कि उसकी बहन अफसाना की शादी 9 वर्ष पूर्व सलीम पुत्र मोहम्मद अली निवासी ग्राम कुईया के साथ मुस्लिम रीति रिवाज से हुई थी और काफी दान दहेज दिया था। लेकिन शादी के एक माह बाद से सलीम अपनी पत्नी अफसाना को कम दहेज लाने का ताना देने लगा था। जब मामला बहुत बढ़ गया इसके बाद अफसाना ने अपने मायके वालों को पूरी बात बताई। इसके बाद कई बार पंचायतें हुईं और सलीम राजीनामा करते हुए अपनी पत्नी को अपने साथ ले गया। अपने घर ले जाने के बाद सलीम एक बार फिर अफसाना के साथ मारपीट करने लगा। तहरीर में कहा गया है कि सलीम के साथ उसके पिता मोहम्मद अली और उसकी मां जाफरीन मिलकर पीटते थे।

16 जून 2026 को सलीम ने अफसाना के भाई आरिफ को फोन करके बताया कि अफसाना ने दहेज की मांग पूरी नहीं की तो हमने इसको इतना मारा है कि यह मरने की स्थिति में आ गई है। इसे उठाकर ले जाओ। आरिफ ने घर में बताया तब अफसाना की मां शाह जहां कुईया गांव पहुंच गईं। आरोप है कि अफसाना के ससुर, पति, सास देखकर आग बबूला हो गए। कहा कि अफसाना को जल्दी ले जाओ वरना आपका भी बुरा हाल करेंगे। इसके बाद शाहजहां अफसाना को अपने घर ले आईं और उसका इलाज कराने लगे। 21 जून को अफसाना की हालत अंदरूनी चोटों के कारण बिगड़ने लगी। इसके बाद अफसाना के परिजनों ने उसे सीएचसी मिलक में भर्ती कराया लेकिन, चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन, रास्ते में अफसाना की मौत हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल ले आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर 22 जून को पोस्टमार्टम कराया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अफसाना के भाई मोहम्मद यासीन ने बताया कि अफसाना को उसके मायके ग्राम जगन्नाथपुर में सोमवार की दोपहर सुपुर्देखाक कर दिया है।

मृतका के भाई मोहम्मद यासीन की ओर से तहरीर मिल गई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।  - हिमांशु चौहान, थाना प्रभारी केमरी।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

Barabanki News : उम्मीदों के चिराग बुझने से गम में डूबे दो परिवार, सुपुर्द एक खाक हुए अग्निकांड में जान गवांने वाले युवक
अलीगंज अग्निकांड: LDA उपाध्यक्ष का बड़ा एक्शन, तत्कालीन विहित प्राधिकारी समेत 18 इंजीनियरों पर कार्रवाई की संस्तुति
पहले जागरूकता, फिर कार्रवाई... प्रदेशभर में चलेगा फायर सेफ्टी पर विशेष ऑडिट अभियान, लखनऊ अग्निकांड के बाद एक्शन मोड में CM योगी
Ayodhya News : 11 संत-महंतों ने शेषावतार मंदिर पर किया धर्म ध्वज का आरोहण, चार हजार रामभक्त कार्यक्रम के बने साक्षी
PM मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात, क्या जल्द होने वाला है कैबिनेट में फेरबदल?