बरेली बवाल प्रकरण : तौकीर रजा समेत 28 आरोपियों पर आरोप तय

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सेशन ट्रायल शुरू, एडीजे-5 की अदालत में हुई सुनवाई, मामले में अगली सुनवाई की तारीख दी गई एक अगस्त

बरेली बवाल प्रकरण में मौलाना तौकीर रजा समेत 28 आरोपियों पर एडीजे-5 कोर्ट ने आरोप तय कर दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 1 अगस्त को होगी।

बरेली, अमृत विचार। 26 सितंबर 2025 को हुए बरेली बवाल मामले में कानूनी सुनवाई तेज हो गई है। एडीजे-5 संतोष कुमार यादव की अदालत ने सोमवार को मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा समेत 28 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए। इसके साथ ही मामले में सेशन ट्रायल की औपचारिक शुरुआत हो गई है। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 1 अगस्त की तारीख निर्धारित की है। सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा की फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेशी कराई गई। बाकी आरोपी अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, 26 सितंबर 2025 को थाना बारादरी क्षेत्र के सैलानी रोड पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हुई थी। पुलिस का आरोप है कि भीड़ का नेतृत्व आरोपियों द्वारा किया जा रहा था और वह पहले से सुनियोजित तरीके से हिंसक गतिविधियों के उद्देश्य से जुटी थी। पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट में बताया गया है कि उपद्रव के दौरान भीड़ के पास हथियार, ईंट-पत्थर, कांच की बोतले और एसिड से भरी बोतलें मौजूद थीं। इसके साथ ही उपद्रवियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी पुलिस टीम पर हमला किया और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। इस घटना से आम लोगों में दहशत फैल गई थी और इलाके की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई थी, और दहशत में दुकानदारों ने बाजार को बंद कर दिया था। अब आरोप तय होने के बाद अदालत में अभियोजन पक्ष अपने साक्ष्य और गवाह पेश करेगा, जबकि बचाव पक्ष को भी अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा।

संबंधित समाचार