UP Politics : विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने संगठन में किया बड़ा बदलाव, छह क्षेत्रीय और सात मोर्चों के प्रभारी नियुक्त

Amrit Vichar Network
On

रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम, गीता शाक्य को ब्रज और दिलीप पटेल को अवध की जिम्मेदारी

भाजपा उत्तर प्रदेश ने संगठन को सक्रिय करने के लिए छह क्षेत्रीय और सात मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा की है। प्रदेश महामंत्रियों और उपाध्यक्षों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी ने मुख्यालय, मीडिया और ‘मन की बात’ से जुड़े प्रभार भी तय किए हैं।

लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने संगठन को और सक्रिय करने के लिए छह क्षेत्रीय प्रभारियों और सात मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने प्रदेश महामंत्रियों और प्रदेश उपाध्यक्षों को अलग-अलग क्षेत्रों और मोर्चों की जिम्मेदारी सौंपी है। नई जिम्मेदारियों के जरिए क्षेत्रीय संगठन और विभिन्न मोर्चों की गतिविधियों में समन्वय को और प्रभावी बनाने की तैयारी है।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को पश्चिम क्षेत्र, प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य को ब्रज, प्रदेश महामंत्री शंकर लोधी को कानपुर, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को अवध और प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह को काशी क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। वहीं प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा को गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

सात मोर्चों के भी प्रभारी तय

भाजपा ने विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारी भी प्रदेश पदाधिकारियों को सौंपी है। प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा, प्रदेश महामंत्री संजय राय को पिछड़ा मोर्चा और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा, डॉ. प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा, देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा तथा शंकर गिरी को किसान मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।

मुख्यालय और अन्य प्रभार भी तय

भाजपा ने क्षेत्र और मोर्चों के अलावा मुख्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी भी तय की है। पार्टी की सूची के अनुसार पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला को मुख्यालय प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा को मीडिया प्रभारी, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना (संयोजक), प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना मिश्रा को ‘मन की बात’ (संयोजक) और प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि को ‘मन की बात’ (सह-संयोजक) की जिम्मेदारी दी गई है।

यह भी पढ़ें:-यूपी के युवाओं के लिए नई पहल : IAS-IPS-IFS अधिकारी हर माह स्कूलों में करेंगे संवाद, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की देंगे जानकारी

संबंधित समाचार