रक्षाबंधन पर बहन को दें डाक विभाग की ये विशेष उपहार, 24 से 29 अगस्त तक लगाए जाएंगे शिविर
10 साल तक की बेटी के नाम खुलवाएं सुकन्या समृद्धि खाता
रक्षाबंधन के मौके पर बाराबंकी डाक मंडल ने 10 वर्ष तक की बेटी या बहन के नाम सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर पासबुक उपहार में देने की अपील की है। 24 से 29 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। योजना में वर्तमान में 8.2 प्रतिशत वार्षिक ब्याज और धारा 80सी के तहत कर छूट का लाभ मिलता है।
बाराबंकी, अमृत विचार। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व होने के साथ बहन के सुरक्षित भविष्य की नींव रखने का भी अवसर है। इसी उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग बाराबंकी मंडल ने विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि इस रक्षाबंधन पर 10 वर्ष तक की बहन या बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर उसकी पासबुक उपहार में दें।
सुकन्या समृद्धि योजना बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए भारत सरकार की सुरक्षित लघु बचत योजना है। वर्तमान में योजना पर 8.2 प्रतिशत वार्षिक ब्याज तथा आयकर अधिनियम की धारा 80सी के तहत कर छूट का लाभ उपलब्ध है। पात्र बालिकाओं को योजना से जोड़ने के लिए डाक विभाग विभिन्न स्थानों पर शिविर लगा रहा है।
24 से 29 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान
वहीं 24 से 29 अगस्त 2026 तक बाराबंकी मंडल में विशेष सुकन्या समृद्धि खाता अभियान चलाया जाएगा।अधीक्षक डाकघर बाराबंकी मंडल पुरुषोत्तम नाथ ने बताया कि रक्षाबंधन पर बहन के नाम खाता खुलवाकर पासबुक देना उसकी शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सुरक्षित भविष्य के लिए अनमोल उपहार होगा। उन्होंने कहा कि भाई प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन के दिन खाते में राशि जमा कर इसे विशेष भेंट के रूप में जारी रख सकते हैं।
डाक विभाग ने लोगों से निकटतम डाकघर पहुंचकर बेटी या बहन के नाम खाता खुलवाने तथा आसपास के अभिभावकों को भी योजना से जोड़ने की अपील की है। योजना की जानकारी के लिए बाराबंकी डाक मंडल की हेल्पलाइन व व्हाट्सऐप नंबर 9453710389 पर संपर्क किया जा सकता है।
