नाले के किनारे समोसा-कचौड़ी: गंदगी में बनता मिला केक; कानपुर में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

कानपुर में खानपान की दुकानों पर छापे, गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई

कानपुर के चमनगंज, दलेलपुरवा और अजमेरी चौराहे पर खाद्य विभाग की छापेमारी में कई खामियां मिलीं। नाले किनारे समोसे-कचौड़ी और गंदगी में केक बनता मिला।

कानपुर, अमृत विचार। चमनगंज में शनिवार को खाद्य विभाग की टीम ने पहली बार अजमेरी होटल, हलीम कॉलेज चौराहा के पास बाबा स्वीट, वारसी होटल समेत कई खानपान प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। जांच के दौरान कई खामियां सामने आईं। टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए लैब भेजे हैं, जबकि कई दुकानदारों को नोटिस भी थमाए गए हैं।

शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश और सहायक आयुक्त (खाद्य)-II संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार राय, अनिल कुमार, नरेंद्र शर्मा, आशुतोष कुमार, उमाशंकर सिंह एवं खाद्य सचल दल ने अभियान चलाया।

कानपुर में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी
कानपुर में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी

 

नाले के किनारे बनते मिले समोसे-कचौड़ी

डिप्टी पड़ाव चौराहा, लक्ष्मीपुरवा स्थित गोपाला स्वीट हाउस का निरीक्षण किया गया। यहां खुले नाले के किनारे समोसे और कचौड़ी तैयार की जा रही थीं। गंदगी सीधे नाली में डाली जा रही थी। प्रतिष्ठान के प्रवेश एवं निकास मार्ग पर गंदा पानी जमा था और बड़ी संख्या में मक्खियां मौजूद थीं। फूड हैंडलरों द्वारा व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन नहीं किया जा रहा था। फर्श, सीढ़ियों और डस्टबिन की नियमित सफाई भी नहीं की जा रही थी। खाद्य पदार्थों के संदूषित होने की प्रबल संभावना और खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए साफ-सफाई सुनिश्चित होने तक प्रतिष्ठान का खाद्य व्यवसाय मौके पर ही बंद करा दिया गया। अभियान के दौरान तीन प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया।

गंदगी के बीच बनता मिला केक

दलेलपुरवा पुलिस चौकी के सामने स्थित बॉम्बे बेकरी के निरीक्षण में गंदगी के बीच केक का निर्माण होता मिला। खाद्य कर्मी बिना हेड कैप, हैंड ग्लव्स और एप्रन के काम करते पाए गए। फूड हैंडलरों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। खाद्य विभाग की टीम ने संदेह के आधार पर केक और वनस्पति घी के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे हैं।

वारसी होटल में अखबार से ढका था भोजन

चमनगंज स्थित मेसर्स वारसी होटल एंड कैटरर्स के निरीक्षण में कर्मचारी बिना हेड कैप, ग्लव्स और एप्रन के भोजन तैयार करते मिले। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। तैयार भोजन स्टेनलेस स्टील के बर्तनों के बजाय प्लास्टिक के बर्तनों में रखा गया था। भोजन बनाने में प्रयुक्त पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। पेस्ट कंट्रोल की समुचित व्यवस्था भी नहीं थी। फ्रिज में रखे तैयार भोजन को ढकने के लिए अखबार का उपयोग किया जा रहा था। इन सभी कमियों को दूर करने के निर्देश देते हुए खाद्य कारोबारकर्ता को मौके पर नोटिस जारी किया गया।

कानपुर में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी
कानपुर में खाद्य विभाग की टीम ने खानपान की दुकानों पर छापेमारी कर साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।

 

बाबा स्वीट से चार नमूने लिए

हलीम कॉलेज चौराहा, चमनगंज स्थित बाबा स्वीट हाउस के निरीक्षण में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। यहां वेज एवं नॉनवेज खाद्य पदार्थों के लिए अलग-अलग डीप फ्रीजर का उपयोग किया जा रहा था। भोजन निर्माण में देसी घी एवं स्वयं पिसे मसालों का प्रयोग पाया गया। गुणवत्ता की जांच के लिए देसी घी, पिसा मसाला, छेना मिठाई तथा खोये की बर्फी के कुल चार नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए।

अजमेरी रेस्टोरेंट से पीली मिर्च का नमूना

अजमेरी चौराहा स्थित न्यू अजमेरी रेस्टोरेंट, अफीम कोठी स्थित आगरा जैन जलेबी तथा जूही स्थित हिमानी फूड कॉरपोरेशन की भी जांच की गई। न्यू अजमेरी रेस्टोरेंट से संदेह के आधार पर पीली मिर्च पाउडर एवं वनस्पति घी के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए। आगरा जैन जलेबी से रिफाइंड सोयाबीन तेल एवं मैदा के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर प्रतिष्ठान संचालक को कमियां दूर होने तक खाद्य निर्माण कार्य बंद रखने के निर्देश दिए गए। वहीं हिमानी फूड कॉरपोरेशन की सॉस निर्माण इकाई का निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया, कच्चे माल एवं लेबलिंग का सत्यापन किया गया, जो संतोषजनक पाया गया।

ये भी पढ़ें:- Sambhal Accident: संभल में भीषण सड़क हादसा, टेंपो-ट्रक भिड़ंत में 4 की मौत

संबंधित समाचार