Haldwani News : पुलिस ने बसें रोकीं तो एसएसपी पर भड़के कांग्रेसी, पुलिस बहुद्देश्यीय भवन में पहुंचकर कर किया प्रदर्शन
दरवाजे खोलकर एसएसपी को तलाशने लगे कांग्रेस नेता
यशपाल आर्य समेत कांग्रेस नेताओं ने जताई नाराजगी, पुलिस ने कहा- खरगे को Z+ सुरक्षा, संदिग्ध तत्वों की जांच के लिए बसों की चेकिंग की जा रही थी
हल्द्वानी, अमृत विचार: शनिवार की सुबह कांग्रेस नेता रामलीला ग्राउंड में होने वाली जनसभा की तैयारी में जुटे थे। कांग्रेस नेताओं को पता चला कि रैली में दूसरे जिलों से आने वाली बसों को रोका जा रहा है। उनकी चेकिंग की जा रही है। विधायक सुमित हृदयेश ने तो तुरंत ही सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी आपत्ति जताई और एसएसपी की कार्यप्रणाली पर असंतोष भी जताया। कांग्रेस के बड़े नेता पुलिस बहुद्देश्यीय भवन पहुंचे और एसएसपी मंजूनाथ टीसी को दरवाजे खोलकर ढूंढने लगे।
खरगे करीब 12.30 बजे रामलीला मैदान में पहुंचने वाले थे तो उधर पुलिस द्वारा बसें रोके जाने से गुस्साए कांग्रेसी पुलिस बहुद्देश्यीय भवन ही पहुंच गए। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, कांग्रेस चुनावी प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, विधायक सुमित हृदयेश काफी गुस्से नजर आए। वह भवन में मौजूद सभी दरवाजों को खोलने लगे और मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछने लगे कि 'कहां है एसएसपी'।
कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के तेवर देखकर मौजूदा पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। यहां तक की टॉयलेट तक के दरवाजे खोलकर एसएपी को ढूंढा गया। जब एसएसपी नहीं मिले तो सभी नेता बहुद्दश्यीय भवन में धरने पर ही बैठ गए। यशपाल आर्य ने आरोप लगाते हुए कहा कि एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस को निर्देश दिए हैं ये बसें रैली स्थल पर नहीं पहुंच पाएं। इसके लिए बैरिकेड लगा दिए गए हैं।

कहा कि मैं खुलेआम कह रहा हूं कि एसएसपी ने यह जो भी साजिश की है वह बर्दाश्त से बाहर है। कहा कि यह सरकार पूरी तरह से डर गई है और समझ गई है कि बदलाव होने वाला है। जब पुलिस ने देखा कि मामला ज्यादा बिगड़ सकता है तो एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्र ने कांग्रेस नेताओं के सामने ही बसों को न रोके जाने के निर्देश जारी किए।
उन्होंने पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का ऐसा कहना कि बसों को अनावश्यक तरीके से रोका जा रहा है यह गलत है। कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और उनको जेड प्लस सुरक्षा है। इसलिए जांच की जा रही थी कि रैली में कोई आवंछित तत्व नहीं आए। इसके बाद कांग्रेसी आयोजन स्थल की ओर चले गए।
ऐसे अधिकारियों को माफ नहीं करेंगे
गणेश गोदियाल ने कहा कि हमारे पास सूचना आई कि बसों को रोका जा रहा है। कहा कि पुलिस ने कहा कि अराजक तत्व आ रहे हैं उनकी जांच की जा रही है। कहा कि पुलिस के अधिकारी मुख्यमंत्री के इशारे पर भाजपा का एजेंट बनकर काम कर रहे हैं। कहा कि एक-एक ऐसे अधिकारी को हम चिन्हित कर रहे हैं और ऐसे अधिकारियों को कभी माफ नहीं किया जाएगा।
एसएसपी भाजपा के जिलाध्यक्ष बन गए हैं: सुमित
कांग्रेस नेताओं का मंच से भी गुस्सा निकलता रहा। विधायक सुमित हृदयेश तो सख्त लहजे में कहा कि एसएसपी नैनीताल भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पूर्व विधायक नारायण पाल ने कहा कि गौलापार में हमारी बसें रोकी तो पुलिसकर्मी ने बताया कि हमें सूचना है कि कोई अपराधी आ रहा है और उसकी जांच हो रही है। रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि टांडा बैरियर पर उनको रोका गया। पुलिस से काफी बहस हुई।
यह भी पढ़ें:-हल्द्वानी में खड़गे का BJP-RSS पर हमला, बोले- ‘देशभक्ति हमें मत सिखाइए, अंग्रेजों के शरण में गए’
