लखीमपुर खीरी : ई-रिक्शा चालक विनीत का कंकाल बरामद, शुरुआती पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

अपहरण के बाद से था लापता, परिजनों का आरोप तीन दिन तक चौकी-थाने के चक्कर काटते रहे

लखीमपुर खीरी में 3 अगस्त से लापता ई-रिक्शा चालक विनीत कश्यप का क्षत-विक्षत कंकाल बरामद हुआ है। परिजनों ने पुलिस की शुरुआती जांच और घोर लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। फरधान क्षेत्र से लापता हुए गांव सूरज सराय निवासी ई-रिक्शा  चालक विनीत कश्यप का शव क्षत-विक्षत हालत में कंकाल के रूप में बरामद होने के बाद मामला गंभीर हो गया है। शव काफी समय तक पड़े रहने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि समय रहते पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया होता तो शायद विनीत की तलाश पहले ही पूरी हो सकती थी।

परिजनों के मुताबिक  तीन अगस्त की दोपहर विनीत का अपहरण हुआ था। उसी रात गश्त के दौरान संकटादेवी चौकी पुलिस को उसका ई-रिक्शा लावारिस हालत में मिला था। आरोप है कि ई-रिक्शा बरामद होने के बावजूद उसके चालक की तलाश को लेकर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। परिजन तीन और चार तारीख को लीला कुआं चौकी, फरधान थाना, एलआरपी चौकी और सदर कोतवाली समेत कई स्थानों पर विनीत की तलाश में भटकते रहे। 

एसपी कार्यालय घेरने के बाद तेज हुई जांच
परिजनों और ग्रामीणों द्वारा लगातार तलाश और मामले को मीडिया में प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर घेराव भी किया। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और मामले की कड़ियां जोड़ते हुए विनीत के शव के अवशेष बरामद किए।

दो लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, लीला कुआं क्षेत्र के पास देवरिया गांव निवासी अभिषेक और मधुराम के बेटे को घटना से जोड़कर जांच की जा रही है। दोनों को चाचा-भतीजा बताया जा रहा है। पुलिस मामले में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

दो बच्चियों, मां और बुजुर्ग दादा-दादी पर टूटा दुखों का पहाड़
विनीत की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में उसकी दो छोटी बच्चियां, विधवा मां और बुजुर्ग दादा-दादी हैं। विनीत की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।  परिजनों का कहना है कि यदि शुरुआती स्तर पर ही पुलिस ने सक्रियता दिखाई होती तो शायद विनीत की तलाश में इतना समय नहीं लगता। अब परिवार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग कर रहा है।

ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी : तिकोना फार्म में हाथियों ने रौंदी कई एकड़ फसल, किसानों का मझगईं रेंज पर प्रदर्शन

संबंधित समाचार