Gonda News: पिकअप-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत; चालक फरार
गोंडा से दवा लेकर घर लौट रहे थे दोनों युवक, मसकनवा-बभनान मार्ग पर हुआ हादसा; पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया
बभनान, गोंडा, अमृत विचार: छपिया थाना क्षेत्र में मसकनवा-बभनान हाईवे मार्ग पर शनिवार रात पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों गोंडा से दवा लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद पिकअप सड़क किनारे खाई में पलट गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसा शनिवार रात छपिया-भूईगांवा मार्ग पर मुख्य हाईवे से करीब 200 मीटर पश्चिम हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार ग्राम चुवाड़ निवासी गंगाधर पुत्र राम केवल और रंजीत पुत्र प्रेमचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर उपनिरीक्षक शैलेश कुमार, हेड कांस्टेबल आशुतोष यादव और आरक्षी संजय यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल पिकअप संख्या यूपी 43 सीटी 4091 और बाइक संख्या यूपी 51 बीएच 3464 को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों को सूचना देने के बाद गांव में मातम पसर गया है।
खेती कर परिवार का सहारा बने थे गंगाधर
मृतक गंगाधर घर पर रहकर खेती-किसानी करते थे। परिवार में पत्नी सरस्वती, बेटी अनामिका और बेटा आयुष हैं। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी सरस्वती बेसुध हो गईं। बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिलाई कर परिवार पालते थे रंजीत
दूसरे मृतक रंजीत सोनबरसा चौराहे पर सिलाई की दुकान चलाते थे। कपड़े सिलकर वह परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी राधा देवी, तीन बेटे मनप्रीत, अमरजीत व गुरुप्रीत और बेटी गुंजा देवी हैं। रंजीत की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
टक्कर के बाद पिकअप सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर उसकी पहचान और तलाश शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। दो परिवारों के कमाऊ सदस्यों की एक साथ मौत से चुवाड़ गांव में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ेंः UP News: सीएम योगी ने लखनऊ से शुरू की तिरंगा यात्रा, बोले- ‘ऊर्जा का प्रतीक है हमारा युवा’
