Gonda News : शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने मांगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा, भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
On

माध्यमिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने कहा- शिक्षकों की तरह हमें भी मिले कैशलेस इलाज की सुविधा

गोंडा में माध्यमिक शिक्षा के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने शिक्षकों की तर्ज पर उन्हें भी कैशलेस उपचार की सुविधा देने के लिए शासनादेश जारी करने की मांग की।

गोंडा, अमृत विचार: क्रांति दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा के शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने रविवार को प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उनके निजी आवास पर पहुंचकर उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिए जाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारी अभी इस सुविधा से वंचित हैं। कर्मचारियों ने मांग की कि शिक्षकों की तरह शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शासनादेश जल्द जारी किया जाए।

लंबे समय से उठ रही मांग

भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की इस मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और उनके लिए भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शासनादेश जारी कराने का प्रयास करेंगे। मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार शुक्ला ने कहा कि शिक्षणेत्तर कर्मचारी लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधा में समानता के लिए शिक्षकों के साथ शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी कैशलेस उपचार की सुविधा मिलनी चाहिए। इस दौरान मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार शुक्ला, प्रदेश प्रचार मंत्री किशन कुमार वर्मा, जिला मंत्री पेशकार यादव, सुमित शुक्ला, ललित शुक्ला समेत अन्य शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-गोंड, नायक, ओझा को अनुसूचित जनजाति के दायरे से किया बाहर: हाईकोर्ट

संबंधित समाचार