बिना ओवन बनाएं कैफे जैसा बिस्कॉफ चीजकेक, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी
बिस्कॉफ बिस्किट के कैरेमल फ्लेवर और क्रीमी चीजकेक का कॉम्बिनेशन बनाएगा इस डेजर्ट को खास, फ्रिज में सेट करके मिनटों में करें तैयार
अगर आपको मीठे में कुछ क्रीमी और खास पसंद है, तो बिस्कॉफ चीजकेक जरूर ट्राई करें। बिस्कॉफ बिस्किट का कैरेमल जैसा स्वाद और चीजकेक की मुलायम बनावट इसे बेहद खास बनाती है। अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बिना ओवन के आसानी से तैयार किया जा सकता है। बिस्किट, पनीर, क्रीम और कुछ सामान्य सामग्री से तैयार यह चीजकेक स्वाद में किसी कैफे के महंगे डेजर्ट से कम नहीं लगेगा। बस इसे कुछ घंटे फ्रिज में सेट होने दें और ऊपर से बिस्कॉफ स्प्रेड व बिस्किट से सजाकर ठंडा-ठंडा परोसें।
बनाने की विधि
सबसे पहले बिस्कॉफ बिस्किट को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। इसमें पिघला हुआ मक्खन डालकर अच्छी तरह मिलाएं। मिश्रण ऐसा होना चाहिए कि उसे दबाने पर वह आसानी से एक साथ बंध जाए। अब केक टिन या किसी गहरे कंटेनर के बेस पर बटर पेपर लगाकर बिस्किट का मिश्रण डालें और चम्मच या गिलास की मदद से अच्छी तरह दबाते हुए एक समान परत तैयार कर लें। इसे करीब 15-20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें।
इस बीच चीजकेक की क्रीमी लेयर तैयार करें। इसके लिए सॉफ्ट पनीर क्यूब्स, व्हिपिंग क्रीम, पिसी हुई चीनी, बिस्कॉफ स्प्रेड, वनीला एसेंस और नींबू का रस मिक्सर में डालकर अच्छी तरह ब्लेंड करें। मिश्रण बिल्कुल चिकना और क्रीमी होना चाहिए। इसमें पनीर के टुकड़े या दाने नजर नहीं आने चाहिए। अब फ्रिज में रखे बिस्किट बेस को बाहर निकालें और उसके ऊपर तैयार क्रीमी मिश्रण डाल दें। स्पैटुला या चम्मच की मदद से इसकी सतह को अच्छी तरह बराबर कर दें। तैयार चीजकेक को कम से कम 5-6 घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने दें। अगर संभव हो, तो इसे रातभर फ्रिज में रखना बेहतर रहेगा। चीजकेक के अच्छी तरह सेट हो जाने पर इसे फ्रिज से निकालें। बिस्कॉफ स्प्रेड को हल्का गर्म करके इसकी पतली परत चीजकेक के ऊपर फैला दें। अंत में बिस्कॉफ बिस्किट के छोटे टुकड़ों से सजाएं। चाहें तो ऊपर कुछ पूरे बिस्किट भी रख सकती हैं। ठंडा-ठंडा बिस्कॉफ चीजकेक सर्व करें और घर बैठे कैफे जैसा स्वाद लें।
सामग्री
- 200 ग्राम बिस्कॉफ बिस्किट
- 80 ग्राम पिघला हुआ मक्खन
- 200 ग्राम सॉफ्ट पनीर क्यूब्स
- 200 मिली व्हिपिंग क्रीम
- 3-4 बड़े चम्मच बिस्कॉफ स्प्रेड
- 2-3 बड़े चम्मच पिसी चीनी
- 1 छोटा चम्मच वनीला एसेंस
- 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
- सजाने के लिए बिस्कॉफ बिस्किट
परफेक्ट बनाने के टिप्स
पनीर इस्तेमाल करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वह बिल्कुल सॉफ्ट हो। बेस को अच्छी तरह दबाना जरूरी है, वरना चीजकेक काटते समय बिस्किट की परत टूट सकती है। क्रीमी मिश्रण में पनीर के दाने बिल्कुल नहीं रहने चाहिए। सबसे जरूरी है चीजकेक को पर्याप्त समय तक फ्रिज में सेट होने देना। जल्दी निकालने पर इसकी परतें ठीक से जम नहीं पाएंगी। सर्व करने से पहले इसे कुछ मिनट कमरे के तापमान पर रखने से काटना आसान होगा।
यह भी पढ़ेंः मां का दूध सिर्फ आहार नहीं, बच्चे की पहली सुरक्षा: जानिए स्तनपान के फायदे और मां की सेहत का कनेक्शन
