Pilibhit News : आस्था का महासंगम, भोले के दरबार में उमड़े श्रद्धालु, गूंजे जयघोष
पीलीभीत में 'बम-बम भोले' के जयकारों के साथ हुआ जलाभिषेक, मेले में बिछड़े बच्चे को पुलिस ने मां से मिलाया
पीलीभीत के गौरीशंकर मंदिर समेत सभी शिवालयों में सावन के पहले सोमवार पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। डीएम और एसपी ने कांवड़ मार्गों और मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मेले में पुलिस ने एक बिछड़े बच्चे को भी उसकी मां से मिलाया।
पीलीभीत, अमृत विचार। सावन के पहले सोमवार को जिले के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही गौरीशंकर मंदिर सहित प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी सुकीर्ति माधव ने गौरीशंकर मंदिर, शाही चौकी, धनारा घाट, प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम और एसपी ने कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से संवाद कर उनका हालचाल जाना और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और कांवड़ मार्गों पर सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
उधर, एएसपी विक्रम दहिया और सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने भी गौरीशंकर मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसी दौरान मंदिर परिसर में अपनी मां से बिछुड़े एक बालक को पुलिसकर्मियों ने सकुशल खोजकर उसकी मां से मिलाया। बच्चे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : सावन में झूमकर बरसे बादल, झमाझम बारिश से सुहाना हुआ बरेली का मौसम
