बाराबंकी में डीएम का सख्त एक्शन प्लान! बड़े बकायेदारों पर चलेगा वसूली अभियान, झोलाछाप डॉक्टरों पर भी कसेगा शिकंजा

Amrit Vichar Network
On

बाराबंकी में डीएम ईशान प्रताप सिंह ने राजस्व वसूली, लंबित वादों और भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बड़े बकायेदारों पर अभियान के साथ नकली दवाओं, झोलाछाप डॉक्टरों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कर एवं करेत्तर राजस्व प्राप्तियों, सीएम डैशबोर्ड, राजस्व वादों, भूमि विवादों और विभिन्न विभागों की प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वरासत, नामांतरण, खतौनी संशोधन, धारा-34 व धारा-38(2) के वादों तथा अंश सुधार के मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित राजस्व वादों का मिशन मोड में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने को कहा। भूमि विवादों में आईजीआरएस शिकायतों का मौके पर सत्यापन कर स्थायी समाधान तथा आवश्यकता पर राजस्व-पुलिस के समन्वय से कार्रवाई के निर्देश दिए। 

बड़े बकायेदारों पर चलेगा अभियान

राजस्व वसूली में तेजी लाने के साथ बड़े बकायेदारों के विरुद्ध अभियान चलाने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि वसूली में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं होगी। खाद्य सुरक्षा विभाग को प्रतिष्ठानों की नियमित जांच तथा परिषदीय व आवासीय सरकारी विद्यालयों में एमडीएम की गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए। ऑनलाइन होम डिलीवरी एजेंसियों के भंडार गृहों की भी नियमित जांच कराने को कहा। 

नकली दवाओं और झोलाछाप डॉक्टरों पर शिकंजा

औषधि एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में नकली दवाओं और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर सीलिंग एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, अपर जिलाधिकारी राजकुमार सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, एआरटीओ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-Barabanki Flood News : बाढ़ में घिरा गांव, रात में घुप्प अंधेरा और जान का खतरा... 12 साल से बिजली का इंतजार

संबंधित समाचार