Maharajganj News : नेपाल की बाढ़ का खौफनाक मंजर! गंडक नदी से तीन शव बरामद, SSB ने रेस्क्यू कर निकाला

Amrit Vichar Network
On

नेपाल के अधिकारियों से संपर्क में महराजगंज जिला प्रशासन

महाराजगंज में गंडक नदी से दो महिलाओं समेत तीन शव बरामद हुए हैं। आशंका है कि ये शव नेपाल में आई बाढ़ के पानी में बहकर यहां पहुंचे। एसएसबी ने मोटरबोट से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतकों की पहचान के लिए नेपाल के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।

महाराजगंज, अमृत विचार। नेपाल में आई भीषण बाढ़ का असर अब गंडक नदी में भी दिखाई देने लगा है। महाराजगंज जिले में बृहस्पतिवार को गंडक नदी से दो महिलाओं समेत तीन शव बरामद किए गए। आशंका जताई जा रही है कि तीनों शव नेपाल में आई बाढ़ के पानी में बहकर गंडक नदी तक पहुंचे हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

तेज बहाव में दिखे शव, SSB ने किया रेस्क्यू

गंडक नदी और आसपास के इलाकों में निगरानी कर रही सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की बचाव टीम ने तेज बहाव में शवों को बहते देखा। इसके बाद जवानों ने तत्काल मोटरबोट की मदद से नदी से तीनों शवों को बाहर निकाला। बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

नेपाल के अधिकारियों से संपर्क में प्रशासन

अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की पहचान के लिए जरूरी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। उनके परिजनों का पता लगाने के लिए एसएसबी और महाराजगंज जिला प्रशासन नेपाल के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।

गंडक में बढ़ा पानी का बहाव, और शव मिलने की आशंका

एसएसबी निरीक्षक अरुण पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि तीनों शव नेपाल से बहकर गंडक नदी में आए हैं। नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद गंडक नदी का बहाव काफी तेज है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में कुछ और शव नदी में बहकर यहां पहुंच सकते हैं। एसएसबी की बचाव टीम नदी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू किया जा सके।

जानिए क्या बोले डीएम गौरव सिंह

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि नेपाल से करीब डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। हालात को देखते हुए गंडक बैराज के सभी फाटक खोल दिए गए हैं। प्रशासन, एसएसबी और आपदा प्रबंधन की टीमें तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बरत रही है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है।

ये भी पढ़ें :

नेपाल त्रासदी में 300 भारतीय लापता, कर्नाटक ने जारी किया Google Form, केरल सरकार नागरिकों से कर रही संपर्क

संबंधित समाचार