अमरोहा में बेटी की मौत के सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम, तीन घंटे में उजड़ गया परिवार, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
On

छह साल की सानिया को सांप ने डसा, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

अमरोहा के मोहल्ला अफगनान में सांप के डसने से छह वर्षीय बच्ची सानिया की मौत हो गई। करीब तीन घंटे बाद बेटी की मौत के सदमे में उसके 32 वर्षीय पिता गुलरेज की भी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। एक ही परिवार में पिता-पुत्री की मौत से इलाके में मातम है।

अमरोहा, अमृत विचार : शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अफगनान में बुधवार-गुरुवार मध्यरात्रि एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सांप के डसने से छह वर्षीय बेटी की मौत के करीब तीन घंटे बाद सदमे में उसके पिता की भी मौत हो गई। बेटी का शव लेकर घर पहुंचे परिजन पिता की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में टीपी नगर चौराहे पर उन्होंने दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में पिता-पुत्री की मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा है।

यह दर्दनाक घटना शहर के मोहल्ला अफगनान की है। यहां पर 32 वर्षीय गुलरेज पुत्र नईम अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। कभी-कभार ई-रिक्शा चलाकर भी परिवार की जरूरतें पूरी करते थे। परिवार में पत्नी हुमा के अलावा पांच वर्षीय बेटा कादिर, दो वर्षीय बेटा आमिर और छह वर्षीय बेटी सानिया थी। 

3
पिता पुत्री की मौत के बाद घर के बाहर मौजूद भीड़
 
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित किया

परिजनों के मुताबिक बुधवार रात करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया और इसके बाद कमरे में जाकर सो गए। देर रात अचानक सानिया की आंख खुली। उसने कमरे में सांप देखने का शोर मचाया। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। बच्ची की हालत देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में सानिया को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। 

रोते-बिलखते परिजन उसका शव लेकर घर पहुंचे। परिजन अभी बेटी का शव लेकर घर पहुंचे ही थे कि गुलरेज की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया गया कि बेटी की मौत का सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर सके। परिजनों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया और आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही टीपी नगर चौराहे पर गुलरेज ने भी दम तोड़ दिया। 

तीन घंटे में पिता-पुत्री की मौत से मचा कोहराम

महज करीब तीन घंटे के भीतर एक ही परिवार में छह वर्षीय बेटी और उसके पिता की मौत से हर कोई स्तब्ध रह गया। गुलरेज की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी पत्नी हुमा के कंधों पर आ गई है। छह वर्षीय सानिया की मौत के बाद उसके दो छोटे भाई भी बेसहारा हो गए हैं। परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत की खबर सुनकर मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए। हर तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

ये भी पढ़ें : - नेपाल त्रासदी में 300 भारतीय लापता, कर्नाटक ने जारी किया Google Form, केरल सरकार नागरिकों से कर रही संपर्क

 

संबंधित समाचार