जयंत चौधरी का पलटवार, कहा- ‘रसगुल्ले की मिठास छोड़ किसानों की चिंता करें अखिलेश’, सीटों के सवाल पर भी ली चुटकी

Amrit Vichar Network
On

बागपत पहुंचे रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘एबीसीडी के बाद भी चीजें आती हैं, इस बार दिखाएंगे उनको।’ उन्होंने चीनी की कीमतों, किसानों और राजग में सीट बंटवारे को लेकर भी अखिलेश पर निशाना साधा।

बागपत। उत्तर प्रदेश में अपनी कर्मभूमि बागपत पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, "एबीसीडी के बाद भी चीजें आती हैं, इस बार दिखाएंगे उनको।"

जयंत चौधरी ने गुरुवार को खेकड़ा में लाइब्रेरी के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन कोई भी लक्ष्मण रेखा नहीं लांघनी चाहिए।

चीनी के दाम बढ़ने पर अखिलेश पर साधा निशाना

चीनी के बढ़े दामों के सवाल पर उन्होंने कहा कि नया गन्ना सीजन शुरू होने वाला है। गन्ने और किसान की कमाई से घर-घर मिठास पहुंची है तथा इसका लाभ किसान, मिल श्रमिक और उद्योग सभी को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को रसगुल्ले के महंगे होने की चिंता करने के बजाय किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने की बात करनी चाहिए। राजग में रालोद को अधिक सीटें मिलने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर चुटकी लेते हुए जयंत ने कहा, "पैरवी के लिए उन्हें ही भेजें क्या।" 

यूजीसी विवाद पर बोले- सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन

यूजीसी विवाद पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई है और उसका पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि अभिभावकों और बच्चों की भी है। इसी सोच के तहत आनंदया फाउंडेशन के सहयोग से 36 स्कूलों में 'प्रोजेक्ट पुस्तकालय' के तहत लाइब्रेरी बनाई गई हैं। इससे पहले जयंत चौधरी ने खेकड़ा स्थित गांधी विद्यालय में लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने रणजीत सिंह और बसी गांव में छोटूराम की तेरहवीं में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़ें:-UP Startup Mission : CM योगी ने लॉन्च किया ‘उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन’ का पोर्टल, कहा- दुनिया में बदल रही यूपी की तस्वीर

संबंधित समाचार