Shravasti News : नाले से रेस्क्यू की गई डॉल्फिन की मौत, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
सिरसिया (श्रावस्ती), अमृत विचार : श्रावस्ती जिले के ककरदरी वन क्षेत्र के रानीपुर गांव के पास नाले में गुरुवार को ग्रामीणों को एक डॉल्फिन मछली दिखाई दी। डॉल्फिन मिलने की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही एसडीओ वेद प्रकाश और ककरदरी रेंजर मोहित श्रीवास्तव टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
वन विभाग की टीम ने डॉल्फिन को नाले से सुरक्षित बाहर निकाला। उसे पानी से भरे पिकअप वाहन में रखकर सुरक्षित बचाने का प्रयास किया गया। वन विभाग की योजना डॉल्फिन को बहराइच-भिनगा मार्ग स्थित भाखला पुल के पास राप्ती नदी में छोड़ने की थी। लेकिन नदी में छोड़ने से पहले जब वन विभाग की टीम ने डॉल्फिन को देखा तो उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी थी।
जानिए क्या बोले एसडीओ वेद प्रकाश
कर्मचारियों ने उसे बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वन विभाग की टीम मृत डॉल्फिन को वापस भिनगा रेंज लेकर पहुंची। डॉल्फिन की मौत कैसे हुई, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसडीओ वेद प्रकाश और ककरदरी रेंजर मोहित श्रीवास्तव ने बताया कि डॉल्फिन की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:-Barabanki News: रक्षाबंधन कल, कलाई पर बंधेगा बहनों का प्यार, बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, जमकर हुई खरीददारी
