Barabanki News: रक्षाबंधन कल, कलाई पर बंधेगा बहनों का प्यार, बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, जमकर हुई खरीददारी

Amrit Vichar Network
On

बहनों ने बस से तय की दूरी, रही गहमागहमी

रक्षाबंधन पर्व को लेकर गुरुवार को बाजार में रौनक बढ़ गई। पर्व की पूर्व संध्या पर शहर से लेकर कस्बाई बाजारों तक राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। खासकर बहनों ने अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखियों की जमकर खरीदारी की।

बाराबंकी, अमृत विचार। रक्षाबंधन पर्व को लेकर गुरुवार को बाजार में रौनक बढ़ गई। पर्व की पूर्व संध्या पर शहर से लेकर कस्बाई बाजारों तक राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। खासकर बहनों ने अपने भाइयों के लिए पसंदीदा राखियों की जमकर खरीदारी की। बाजारों में आकर्षक डिजाइन और रंग-बिरंगी राखियों से सजी दुकानें लोगों को अपनी ओर खींचती रहीं।

कल शुक्रवार को रक्षाबंधन का त्यौहार होने के चलते माहौल उत्साह से भरा रहा। कई दिन के इंतजार के बाद राखी की सजी दुकानों पर जमकर भीड़ उमड़ पड़ी। मनपसंद राखी खरीदने निकलीं महिलाएं, युवतियां व बच्चे दुकान पर मोलभाव करते दिखे। यही नहीं पर्व से जुड़ी रस्म के तहत मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। शहर व ग्रामीण इलाकों की प्रमुख मिठाई की दुकानों पर मिठाई खरीदने के लिए दौड़भाग लगी रही। 

हालांकि चीनी की महंगाई ने मिठाई के दाम आसमान चढ़ा दिए इसके बावजूद मिठाई की मांग में कमी नहीं आई। त्योहार को देखते हुए दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की तैयारियां पहले से ही कर रखी थीं। बहनों और परिवार के अन्य सदस्यों ने भाइयों के लिए मिठाई, कपड़े और अन्य उपहार भी खरीदे। बाजारों में चहल-पहल के चलते पूरे दिन गहमागहमी का माहौल बना रहा। राखी और मिठाई की खरीदारी के साथ ही बहनों में पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया। बाजारों में देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। 

BUS SAFAR

बहनों ने बस से तय की दूरी, रही गहमागहमी

भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए एक दिन पहले से ही बहनों का सफर जारी है। सरकार के बसों पर तीन दिन के लिए मुफ्त यात्रा के ऐलान ने बहनों को खुश कर दिया। सारी तैयारी पूरी होते ही राखी बांधने को निकलीं बहनों ने बसों से दूरी तय की। बाराबंकी में करीब से लेकर दूर की यात्रा के लिए अनुबंधित बसों का सहारा लिया, भीड़ उमड़ने से बस स्टैंड पर खासी गहमागहमी रही, महिला सिपाहियों को मोर्चा संभालना पड़ा। वहीं लंबी दूरी के लिए बाईपास पर महिलाएं, युवतियां बसों का इंतजार करती नजर आईं। आलम यह रहा कि गुरुवार को किसी भी बस में तिल भर पैर रखने की जगह नहीं बची। 

स्कूली बच्चों ने एसपी को बांधी राखी 

रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में पायनियर इंटर कॉलेज और जयपुरिया स्कूल की छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय को राखी बांधकर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं लंबी उम्र की कामना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के इस स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया तथा उन्हें और जनपद की सभी महिलाओं व बच्चियों को सुरक्षा का दृढ़ भरोसा दिलाया। इस आत्मीय आयोजन ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास के रिश्ते को और मजबूत किया।

3

छात्राओं ने अधिकारियों को बांधा रक्षा-सूत्र

फतेहपुर : सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने तहसील पहुंचकर एसडीएम कार्तिकेय सिंह, उपनिबंधक अवधेश मिश्र और सीओ जगत राम कनौजिया समेत प्रशासनिक अधिकारियों को रक्षा-सूत्र बांधकर पर्व का सामाजिक संदेश दिया। अधिकारियों ने छात्राओं को आशीर्वाद व उपहार देते हुए उनकी सुरक्षा, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के वंदना सत्र में कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ आचार्य अनिल कुमार वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन व पूजन-अर्चन कर किया।

cats

वीरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज, राष्ट्र और प्राणीमात्र की रक्षा के दायित्व का संकल्प भी है। अनिल कुमार वर्मा ने पर्व के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पौराणिक महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय की 11 बहनों यशी सैनी, मुस्कान यादव, प्रियंका वर्मा, शुभी वर्मा, अर्पिता वर्मा, तनिष्का चौहान, निकिता वर्मा, अनुप्रिया वर्मा, वैष्णवी, नन्दिनी एवं अस्मिता वर्मा ने तहसीलदार, चिकित्सा अधिकारी तथा कोतवाली फतेहपुर में अधिकारियों को रक्षा-सूत्र बांधा। इस दौरान विद्यालय में हरियाली तीज, मेहंदी प्रतियोगिता एवं राखी निर्माण कार्यशाला भी हुई।

यह भी पढ़ें:-UP Startup Mission : CM योगी ने लॉन्च किया ‘उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन’ का पोर्टल, कहा- दुनिया में बदल रही यूपी की तस्वीर

 

संबंधित समाचार