China Masters Badminton 2026: श्रीकांत का बड़ा उलटफेर, दुनिया के नंबर-9 विक्टर लाई को हराकर क्वार्टरफाइनल में बनाई जगह

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

भारतीय दिग्गज ने कनाडाई खिलाड़ी को सीधे गेम में 21-18, 21-19 से दी मात; तन्वी शर्मा की चुनौती जापान की टोमोका मियाजाकी से हारकर खत्म

शेनझेन: भारत के अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने चीन मास्टर्स सुपर 750 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर किया है। श्रीकांत ने गुरुवार को कनाडा के विश्व नंबर-9 खिलाड़ी विक्टर लाई को सीधे गेम में 21-18, 21-19 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।

33 वर्षीय श्रीकांत ने पूरे मुकाबले में धैर्य और जुझारूपन का परिचय दिया। इस साल की शुरुआत में यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल तक पहुंचने वाले भारतीय खिलाड़ी ने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके लाई के खिलाफ महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।

श्रीकांत अब क्वार्टरफाइनल में हांगकांग के ली चेउक यिउ से भिड़ेंगे।

पहले गेम में पिछड़ने के बाद की जोरदार वापसी

श्रीकांत को पहले गेम की शुरुआत में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वह एक समय 3-7 से पीछे थे, लेकिन लाई की गलतियों का फायदा उठाते हुए भारतीय खिलाड़ी ने स्कोर 8-8 से बराबर कर दिया।

इसके बाद कनाडाई खिलाड़ी ने इंटरवल तक दो अंकों की बढ़त बनाए रखी और बाद में स्कोर 15-11 कर दिया। श्रीकांत ने यहां से शानदार वापसी करते हुए लगातार अंक जुटाए और स्कोर 15-15 कर दिया।

एक बेहतरीन क्रॉस-कोर्ट स्मैश के जरिए उन्होंने 18-16 की बढ़त हासिल की। इसके बाद श्रीकांत को तीन गेम प्वाइंट मिले और उन्होंने दूसरे गेम प्वाइंट का फायदा उठाकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में भी दबाव के बीच नहीं मानी हार

दूसरे गेम में श्रीकांत ने शुरुआत में कुछ गलतियां कीं और वह 5-9 से पिछड़ गए। इसके बावजूद उन्होंने वापसी की कोशिश जारी रखी। 9-14 से पीछे होने के बाद भारतीय खिलाड़ी ने दो शानदार शॉट लगाए और लाई की गलतियों का फायदा उठाकर स्कोर 13-14 तक पहुंचा दिया।

मुकाबला आगे बढ़ा तो दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और एक समय स्कोर 18-18 हो गया। इसके बाद लाई का शॉट बाहर चला गया। श्रीकांत ने फिर जोरदार शॉट लगाकर मैच प्वाइंट हासिल किया और जल्द ही दूसरा गेम 21-19 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

तन्वी शर्मा का सफर दूसरे दौर में थमा

महिला एकल में हाल ही में ताइपे ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 300 का खिताब जीतने वाली भारत की तन्वी शर्मा को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। जापान की विश्व नंबर-9 खिलाड़ी टोमोका मियाजाकी ने तन्वी को 17-21, 21-18, 16-21 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

तन्वी ने पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में वापसी की और मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचाया, लेकिन तीसरे गेम में मियाजाकी ने बढ़त बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

ध्रुव-तनीषा की जोड़ी भी बाहर

भारत के ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को भी मिश्रित युगल के मुकाबले में हार मिली। चीनी ताइपे के लियू कुआंग हेंग और सू यिन हुई की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 21-18, 21-18 से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।

यह भी पढ़ेंः शार्दुल ठाकुर की जगह अब ये खिलाड़ी संभालेगा मुंबई में रणजी की कप्तानी, 774 रन का शानदार रिकॉर्ड आया काम

संबंधित समाचार