Gonda news: यात्रियों के मोबाइल चुराने वाले गैंगस्टर समेत दो शातिर गिरफ्तार, 65 हजार कीमत के दो एंड्रॉयड फोन बरामद
गोंडा,अमृत विचार। रेलवे सुरक्षा बल की टीओपीबी टीम, अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गोंडा जंक्शन पर चोरी के मोबाइल फोन बेचने की फिराक में घूम रहे एक गैंगस्टर समेत दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय के मुताबिक बुधवार को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ अरुण त्रिपाठी और सहायक सुरक्षा आयुक्त गोंडा महेंद्र प्रसाद दुबे के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम गोंडा जंक्शन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी और गश्त कर रही थी।
इस दौरान प्लेटफार्म संख्या दो-तीन के पश्चिमी छोर पर स्थित टीनशेड में दो व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिए। टीम ने दोनों को पकड़कर तलाशी ली तो एक के पास से वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दूसरे के पास से सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गोंडा रेलवे स्टेशन के आसपास चलती ट्रेनों में सो रहे यात्रियों के मोबाइल चोरी किए थे।
दोनों आरोपी मंगलवार को बरामद मोबाइल फोन बेचने के इरादे से स्टेशन क्षेत्र में पहुंचे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर सोनी (28) पुत्र गुड्डू सोनी, निवासी मोहल्ला कटहरिया, थाना कोतवाली नगर, गोंडा तथा मोहम्मद ताहिर (34) पुत्र अब्दुल वहीद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइल फोन जीआरपी में पहले से दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ जीआरपी थाना में संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नीरज कुमार कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी सागर सोनी के विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय, सहायक उपनिरीक्षक सोनू कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल बबलू कुमार सिंह तथा जीआरपी के उपनिरीक्षक रवि प्रकाश यादव, कांस्टेबल आनंद सिंह और कांस्टेबल अरुण गुप्ता शामिल रहे।
