Sultanpur News : पूर्ति निरीक्षक पर भ्रष्टाचार के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग, बहुजन अधिकार सेना ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
तीन साल से कादीपुर, दो साल से दोस्तपुर में तैनाती! पूर्ति निरीक्षक पर उठे सवाल
सुलतानपुर में कादीपुर और दोस्तपुर क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह पर भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोप लगे हैं। बहुजन अधिकार सेना ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपकर राशन दुकानों, ई-पॉस रिकॉर्ड, स्टॉक और आय से अधिक संपत्ति की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
सुलतानपुर, अमृत विचार। कादीपुर और दोस्तपुर क्षेत्र में तैनात पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह पर भ्रष्टाचार, पक्षपात और विभागीय दायित्वों में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। बहुजन अधिकार सेना के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एडवोकेट तिलकधारी गौतम ने गुरुवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पूर्ति निरीक्षक कादीपुर में करीब तीन वर्ष और दोस्तपुर में लगभग दो वर्ष से तैनात हैं। संगठन ने इसे संवेदनशील विभाग में लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती बताते हुए स्थानांतरण नीति के विपरीत बताया है। संगठन ने राशन दुकानों के आवंटन, राशन कार्डों की जांच, स्टॉक सत्यापन और ई-पॉस मशीन के रिकॉर्ड की जांच की मांग की।
साथ ही आय से अधिक संपत्ति और विभागीय नियमों के उल्लंघन की भी जांच कराने की मांग उठाई। निष्पक्ष जांच के लिए अधिकारी को वर्तमान तैनाती से हटाने और सरकारी अभिलेखों व डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की गई।
यह भी पढ़ेंः - ‘जो हिम्मत करती है, वही नेतृत्व करती है’, NSG ने शुरू किया पहला महिला कमांडो कोर्स
