8 गोलियां लगीं, सिर में 3... हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की पोस्टमार्टम में बड़ा खुलासा, चुनाव लड़ने की कर रहे थे तैयारी

Amrit Vichar Network
On

परिजन बोले- हरियाणा से जुड़ा विवाद वजह!

शामली में हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। परिजनों ने हत्या के पीछे हरियाणा से जुड़े विवाद की आशंका जताई है। गोगी गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने का दावा भी सामने आया है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या से सनसनी फैल गई है। अंकित कुछ महीने पहले तक हरियाणा में रह रहे थे, लेकिन करीब आठ महीने से अपने पैतृक गांव बंतीखेड़ा में रहकर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। परिजनों को आशंका है कि हत्या की वजह हरियाणा से जुड़ा कोई पुराना विवाद हो सकता है।

हरियाणा छोड़ गांव में रह रहे थे अंकित

परिजन के मुताबिक, अंकित बालियान पहले कबड्डी खेलते थे, लेकिन पैरों में परेशानी के कारण उन्होंने खेल छोड़ दिया था। वर्ष 2022 में उन्होंने यूट्यूब चैनल शुरू किया। उनके कई गाने लोकप्रिय हुए, जिनमें ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ जैसे गीत भी शामिल हैं। इसके बाद वह हरियाणा के सोनीपत में रहने लगे थे। करीब आठ महीने पहले वह शामली स्थित अपने पैतृक गांव बंतीखेड़ा लौट आए थे। वह नियमित रूप से जिम भी जाते थे।

जिला पंचायत चुनाव लड़ने की कर रहे थे तैयारी

परिजनों ने बताया कि अंकित बालियान जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। क्षेत्र में उनके होर्डिंग, बैनर और पोस्टर भी लगाए गए थे। परिजनों का कहना है कि उनका किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी से विवाद नहीं था और न ही उन्हें किसी तरह के खतरे की जानकारी थी।

परिजनों ने हरियाणा के लोगों पर जताया शक

अंकित के एक परिजन ने पीटीआई-भाषा को बताया कि हत्या के पीछे हरियाणा से जुड़ा कोई विवाद हो सकता है। उनका आरोप है कि सोनीपत के लोगों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

गोगी गैंग के नाम से जिम्मेदारी का दावा

परिजन के मुताबिक, हरियाणा के गोगी गैंग के एक गुर्गे ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि इस दावे की पुलिस या किसी अन्य आधिकारिक एजेंसी की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे को जांच के बाद ही सही माना जा सकेगा।

पोस्टमार्टम में शरीर से निकलीं आठ गोलियां

परिजनों के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान अंकित के शव से आठ गोलियां निकाली गईं। इनमें तीन गोलियां सिर, तीन हाथ, एक पेट और एक पैर में लगी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सरकारी नौकरी की भी कर रहे थे तैयारी

परिजनों ने बताया कि अंकित बालियान ने शारीरिक शिक्षा में स्नातक किया था और सरकारी नौकरी पाने के लिए भी प्रयासरत थे। उनकी पत्नी दिल्ली में सरकारी शिक्षिका हैं, जबकि भाई राजीव कोटा में रहते हैं। उनके पिता सतवीर सिंह सेवानिवृत्त सैनिक हैं।

गांव में होगा अंतिम संस्कार

परिवार के मुताबिक अंकित बालियान का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बंतीखेड़ा में ही किया जाएगा। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:-Shamli News : शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या! गोगी गैंग ने ली जिम्मेदारी

 

संबंधित समाचार