Shamli News : शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या! गोगी गैंग ने ली जिम्मेदारी
शामली में जिम से बाहर निकले सिंगर अंकित बालियान पर हमलावरों ने 20 राउंड गोलियां चलाईं
अंकित बालियान मूलरूप से यूपी के शामली जनपद के रहने वाले थे। बंतीखेड़ा गांव में उनका घर है। पढ़ाई करके हरियाणा के सोनीपत में रहकर गायकी सीखी। वह हरियाणवी गीतों को लेकर युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे।
अमृत विचार : हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान को यूपी के शामली में दिन-दहाड़े गोलियों से भूनकर, मौत के घाट उतार दिया गया है। बेखौफ हमलावरों ने 20 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी के बीच दहशत में आए व्यापारियों ने दुकानों के शटर गिरा दिए। इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। हर कोई अपनी जान बचाने के लिए छिपता रहा। बदमाश अंकित को मारकर बड़ी आसानी से फरार हो गए। अंकित बालियान हत्याकांड को जिस तरह से अंजाम दिया गया है, उसने पश्चिमी यूपी में एक बार फिर से गैंग के सक्रिय होने का संकेत दे दिया है।
सोनीपत में सीखी गायकी
अंकित बालियान मूलरूप से यूपी के शामली जनपद के रहने वाले थे। बंतीखेड़ा गांव में उनका घर है। पढ़ाई करके हरियाणा के सोनीपत में रहकर गायकी सीखी। वह हरियाणवी गीतों को लेकर युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे।
अंकित फिलहाल शामली में रहते थे। यहां नाला पटरी के पास एक जिम में कसरत करने जाते थे। बुधवार की शाम जिम से बाहर निकलते ही तीन-चार बदमाशों ने उन्हें गोलियों से भून डाला।
शामली में फूटा आक्रोश
अंकित बालियान हत्याकांड ने शामली में आक्रोश पैदा कर दिया। गुस्साए परिजन और प्रशसंक सड़कों पर उतर आए। शामली पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। इंसाफ की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। एसपी एनपी सिंह समेत भारी पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंची। अंकित बालियान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विरोध में नारेबाजी कर रही भीड़ को शांत करने का प्रयास किया। लेकिन घंटों तक उनका आक्रोश शांत करना मुश्किल हो गया। भीड़ गाड़ियों पर चढ़कर नारेबाजी कर रही थी।
गोगी गैंग ली हत्या की जिम्मेदारी
अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी गोगी गैंग ले ली है। गोगी गैंग के सरगना भोलू साहपुरिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट में अंकित बालियान की हत्या का दावा किया है। सहपुरिया अभी कनाडा के टोरेंटो शहर में है और वहीं से अपना गैंग ऑपरेट कर रहा है। अंकित बालियान की हत्या का कारण बताते हुए पोस्ट में लिखा कि, वह दुश्मनों के संपर्क में था और गैंग से जुड़ी एक घटना पर गाना बनाया था।
सहपुरिया ने अपनी पोस्ट में यूपी पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि अभी तो ये शुरुआत है। यानी उसने आगे भी इस तरह के हत्याकांड का चैलेंज किया है। भोलू सहपुरिया की पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। हमलावरों की धरपकड़ के लिए पूरे पश्चिमी यूपी की पुलिस लगा दी गई है।
बिश्नोई गैंग से जुड़ा गोगी गैंग
गोगी गैंग, लॉरेंबस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। शामली में जिस तरह से हमलावरों ने बाकायदा रैकी करके अंकित बालियान की हत्या की है-उसने पश्चिमी यूपी में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल कर दिए हैं। आम लोगों को झकझोर डाला है। इसलिए भी क्योंकि यूपी में जिस तरह के गैंग के खात्मे का दावा किया जा रहा था क्या वह फिर से सिर उठाने लगे हैं। हत्याकांड को लेकर सवाल कई हैं, पुलिस उनकी जांच में जुटी है।
अंकित बालियान हत्याकांड से उनके परिजन बिलख रहे हैं। प्रशंसक गमगीन हैं और आम लोग दहशत में...। पुलिस प्रशासन जांच में जुटा है। एसपी एनपी सिंह ने कहा कि हमलावारों की धरपकड़ के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ा जाएगा।
