Kanpur News: रक्षाबंधन पर GRP का ‘ऑपरेशन मुस्कान’, 611 यात्रियों को लौटाए गुम मोबाइल

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कानपुर, अमृत विचार। रक्षाबंधन के महापर्व पर यात्रा के दौरान मोबाइल फोन गुम होने से परेशान यात्रियों के लिए जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने बड़ी राहत दी। थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल पुलिस ने अभियान चलाकर विभिन्न कंपनियों के 611 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए और 27 अगस्त 2026 को आयोजित मोबाइल वितरण समारोह में उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलते ही यात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। यात्रियों ने जीआरपी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस की सतर्कता, प्रतिबद्धता और तकनीकी दक्षता का उदाहरण बताया।

सर्विलांस सेल की मदद से बरामद हुए मोबाइल

Raksha Bandhan

पुलिस के मुताबिक, गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी के लिए चलाए गए अभियान के तहत ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में गठित टीम ने जीआरपी सर्विलांस सेल की मदद से अलग-अलग कंपनियों के 611 मोबाइल बरामद किए। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक रेलवे कानपुर शेषमणि उपाध्याय के पर्यवेक्षण और थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में की गई।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान

यह अभियान पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. के मार्गदर्शन, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे एन. कोलान्ची के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त कुमार वर्मा की लगातार मॉनिटरिंग में चलाया गया। 27 अगस्त को पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त कुमार वर्मा ने मोबाइल वितरण समारोह में बरामद फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए।

यात्रियों ने की जीआरपी की सराहना

मोबाइल वापस मिलने पर यात्रियों ने जीआरपी कानपुर सेंट्रल पुलिस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गुम मोबाइल की बरामदगी से न केवल यात्रियों को आर्थिक राहत मिली है, बल्कि पुलिस के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत हुआ है। जीआरपी ने इस कार्रवाई के जरिए यह संदेश दिया कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी पुलिस पूरी तत्परता से काम कर रही है।

अबतक की सबसे बड़ी 611 मोबाइल बरामदगी 

सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी ने अबतक की सबसे बड़ी यात्रियों से खोये 611 मोबाइल की बरामदगी की है l गुरुवार को जीआरपी थाना के बाहर मोबाइल जब लोगों को सौंपे गए तो खुशी की लहर दौड़ गई l पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रशांत वर्मा एवं जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह ने पत्रकारों को बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में खोए हुए मोबाइल की सर्विलांस के जरिए बरामद किया गया हैl

ये भी पढ़ें : 
Raksha Bandhan 2026: नहीं रहेगा चन्द्र ग्रहण और भद्रा का साया, पूरे दिन राखी बांध सकेगी बहने; ये है शुभ मुहूर्त

संबंधित समाचार