श्रावस्ती में बड़ा हादसा, सड़क किनारे ट्रक में टकराई बाइक, युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
श्रावस्ती, अमृत विचार। बहराइच से दवा लेकर तिलकपुर घर लौट रहे युवक की बाइक सिटकहना गांव के निकट मार्ग किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में घायल युवक को सीएचसी गिलौला लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम तिलकपुर निवासी विनोद कुमार(32) बुधवार को दवा लेने बहराइच गये थे।
बता दें कि युवक अपनी बाइक से देर रात वह वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बाइक लेकर बौद्ध परिपथ स्थित बहराइच के कोतवाली देहात क्षेत्र के सिटकहना गाँव के निकट पहुंचे। तभी बौद्ध परिपथ किनारे खड़े ट्रक के पीछे से बाइक अनियंत्रित हो टकरा गई। टक्कर तेज होने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से उन्हें सीएचसी गिलौला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक की सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
